search

देश में 11 नए सैनिक स्कूल खोलेगी विद्या भारती, 2030 तक 50 लाख बच्चों को जोड़ने का लक्ष्य

deltin33 2026-1-4 23:56:27 views 1135
  

विद्या भारती के राष्ट्रीय महामंत्री देश राज शर्मा। (जागरण)



संजय कुमार, रांची। विद्या भारती के राष्ट्रीय महामंत्री देश राज शर्मा ने कहा कि विद्या भारती की ओर से देश में 11 नए सैनिक स्कूल संचालित करने की प्रक्रिया जारी है।

अभी रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त 14 सैनिक स्कूल विद्या भारती संचालित कर रही है। शर्मा ने कहा कि अभी संस्था की ओर से देश के 684 जिलों में संचालित 12068 विद्यालयों में 33,32,774 बच्चे पढ़ रहे हैं।

वर्ष 2030 तक देश के सभी जिलों में स्कूल प्रारंभ कर 50 लाख बच्चों को विद्या भारती से जोड़ने की योजना है। देश राज शर्मा रविवार को अपने रांची प्रवास के दौरान दैनिक जागरण से विशेष बातचीत कर रहे थे।

शर्मा ने कहा कि संस्था की ओर से संचालित स्कूलों में सभी धर्म व संप्रदाय के बच्चे पढ़ रहे हैं। 9947 ईसाई एवं 57,123 मुस्लिम बच्चे भी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी 59 महाविद्यालय और दो विश्वविद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं। सबको शिक्षा सुलभ हो, इस उद्देश्य को लेकर कार्य कर रही संस्था के स्कूलों से पास करने वाले बच्चे आज समाज के हर क्षेत्र में कार्यरत हैं।

लगभग 10 लाख 60 हजार पूर्ववर्ती विद्यार्थी पोर्टल पर पंजीकृत हैं और ये बच्चे भारत के साथ-साथ 90 देशों में फैले हैं। उन देशों में भी भारतीय संस्कृति का प्रचार कर रहे हैं।
अगले एक वर्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति सभी स्कूलों में हो जाएगी लागू

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विद्या भारती द्वारा संचालित सभी स्कूलों व महाविद्यालयों में अगले एक वर्ष में लागू हो जाएगी। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। प्रयास है कि दूसरे शैक्षणिक संस्थानों में भी यह समय से लागू हो।

उच्च शिक्षा प्राप्त बच्चों को प्रतियोगी प्ररीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए अभी चंडीगढ़, नोएडा, हैदराबाद एवं भोपाल में व्यवस्था की गई है। दिल्ली में भी पूर्ववर्ती छात्र इस काम में लगे हैं। अभी प्रतिवर्ष 20 से 25 बच्चे यूपीएससी में चयनित हो रहे हैं। आने वाले समय में 11 केंद्र संचालित करने की योजना है।

सैनिक स्कूल के सवाल पर कहा कि बिहार में किशनगंज, समस्तीपुर के बटहा, पटना और भागलपुर में संचालित है। इन विद्यालयों में सभी सुविधाएं व पढ़ाई सरकारी सैनिक स्कूलों में मिलने वाली ही हैं। सेना के अधिकारी समय-समय पर आते रहते हैं। केवल संचालन विद्या भारती करती है।
मणिपुर में स्कूल ऑन व्हील

पूर्वोत्तर से संबंधित सवाल पर शर्मा ने कहा कि मणिपुर में अभी स्कूल ऑन व्हील संचालित है। बसों में सभी तरह की सुविधाएं हैं। शिक्षक गांवों व शिविरों में जाकर बच्चों को शिक्षा देने का काम कर रहे हैं। देश के सीमावर्ती इलाकों के 167 प्रखंडों में विद्या भारती के विद्यालय चल रहे हैं जो एक तरह से सीमा प्रहरी का काम करते हैं।

जनजातीय क्षेत्रों में भी 1000 से अधिक विद्यालय चल रहे हैं। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार कर जरूरतमंदों को प्रशिक्षण देकर प्रमाणपत्र देने की मंजूरी दी है। इस अवसर पर झारखंड के प्रांत सचिव नकुल शर्मा व संभाग निरीक्षक अखिलेश कुमार उपस्थित थे।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
476762