पानीपत में ईंट से कूचकर महिला की हत्या। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, पानीपत। इसराना क्षेत्र के भाऊपुर गांव के खेत में करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिला है। महिला की बेहद नृशंस तरीके से हत्या की गई है। पहले सिर और चेहरे को ईंटों से कुचलकर हत्या की, फिर पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया। दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे कारद गांव के पूर्व सरपंच संदीप ने पुलिस को सूचना दी कि भाऊपुर गांव के खेत में गेहूं के खेत में महिला का खून से लथपथ अर्धनग्न शव पड़ा है। पुलिस जांच में महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि उसकी ईंटों से कुचलकर हत्या की गई है।
महिला की साड़ी उसके एक पैर में बंधी हुई थी और शव को लगभग 50 मीटर तक घसीटकर खेत में फेंका था। शव से कुछ दूरी पर ट्यूबवेल के कोठरे से एक बैग, शराब का अध्धा, तीन गिलास, कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलें और नमकीन के पैकेट मिले हैं।
इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले वहां शराब पार्टी की। पुलिस का मानना है कि शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद महिला की बेरहमी से हत्या कर दी।
सूचना पर डीएसपी आत्माराम और एफएसएल टीम भी पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। खेत और कोठरे में खून के धब्बे भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार महिला देखने में प्रवासी प्रतीत हो रही है। आसपास के गांवों और थानों में उसकी जानकारी भेजी है। थाना इसराना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। |
|