काम्या कार्तिकेयन ने रचा इतिहास।
नई दिल्ली, पीटीआई : कड़ाके की ठंड और तेज तूफानी हवाओं को मात देते हुए नौसेना अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी काम्या कार्तिकेयन ने इतिहास रच दिया है। वह दक्षिणी ध्रुव तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गई हैं। भारतीय नौसेना ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर काम्या को बधाई दी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
नौसेना के अनुसार, काम्या ने माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और तेज हवाओं के बीच करीब 60 नाटिकल मील (लगभग 115 किलोमीटर) की दूरी तय की। इस दौरान वह अपने पूरे अभियान का सामान लदी स्लेज को खुद खींचते हुए 27 दिसंबर 2025 को दक्षिणी ध्रुव पहुंचीं।
नौसेना ने उनके अभियान के वीडियो और तस्वीरें भी साझा कीं। पोस्ट में कहा गया कि नौसेना चिल्ड्रन स्कूल (एनसीएस) की पूर्व छात्रा काम्या न केवल सबसे कम उम्र की भारतीय बनी हैं, बल्कि दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला भी हैं जिन्होंने दक्षिणी ध्रुव तक स्की की है। |
|