धनबाद परिसद में अर्जुन मुंडा का स्वागत करते विधायक राज सिन्हा और अन्य। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने पेसा कानून को लेकर राज्य की झामुमो नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेसा कानून का सही मायनों में पालन नहीं हो रहा, बल्कि इसके प्रावधानों का अतिक्रमण किया जा रहा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शनिवार रात पश्चिम बंगाल जाने के क्रम में धनबाद पहुंचे अर्जुन मुंडा ने स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हेमंत सरकार ने वर्षों तक पेसा कानून को जानबूझकर रोके रखा। अब जब झारखंड कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है, तो जो तैयारी की जा रही है, वह कानून के वास्तविक उद्देश्य को पूरा करने की बजाय उसके उल्लंघन की ओर इशारा करती है।
उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी होने के बाद यह कानून राज्य के 14 अनुसूचित जिलों में लागू होगा, लेकिन सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में सरकार और माफिया के गठजोड़ के कारण चारों ओर लूट मची हुई है और आम जनता परेशान है। उन्होंने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ जारी हिंसा पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इसके लिए पड़ोसी राज्यों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी तैयारी से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके बाद अर्जुन मुंडा बरवाड्डा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के पूर्व विधायक फूलचंद मंडल से मुलाकात की। मंडल के पुत्र धरनीधर सहित भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
धनबाद आगमन पर भाजपा धनबाद महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय के नेतृत्व में परिसदन में अर्जुन मुंडा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में जिला महामंत्री मानस प्रसून, धनेश्वर महतो, जिला उपाध्यक्ष शेखर सिंह, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, रीता यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। |