search

Jharkhand Weather: झारखंड में सर्दी का सितम,छाने लगा घना कोहरा, आरेंज अलर्ट जारी

Chikheang 2025-12-21 04:36:38 views 1181
  



जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में सर्दी का सितम जारी है। ठंडी हवाओं के साथ साथ घने कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसका असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची समेत आधे राज्य में घने कोहरे का असर देखने को मिलने लगा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा के कारण सुबह और शाम कनकनी बढ़ रही है। राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों का तापमान भी गिर गया है। देर रात बेघरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वे रतजगा कर अलाव का सहारा ले रहे हैं।

वहीं, स्कूल कालेज जाने वाले बच्चों की भी परेशानी बढ़ गई है। विशेषकर छोटे छोटे बच्चे जो अहले सुबह उठकर स्कूल जाने के लिए तैयार होते हैं। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस बहरागोरा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस कांके का रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
21 को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो में दिखेगा घने कोहरे का असर

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 21 दिसंबर को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में कहीं कहीं घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, राज्य के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी, इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि यह स्थिति 26 दिसंबर तक बनी रहेगी।

  

उन्होंने कहा कि राज्य में अगले पांच दिनों तक यानी 21, 22, 23, 24 और 25 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मध्यम दर्जे का घना कोहरा छाया रहेगा और आसमान मुख्यत: साफ रहेगा।

बताया कि कोहरे के साथ साथ उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अहले सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम शीतलहर के कारण लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 दिसंबर को चतरा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह जिले में कहीं-कहीं काफी घना कोहरा छाया रहेगा। इसी तरह 22 दिसंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर आदि जिलों में सुबह में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिलेगा।
इन बातों का रखें ध्यान :

  • - गाड़ी चलाते समय या किसी परिवहन माध्यम से बाहर निकलते समय सावधान रहें
  • - गाड़ी चलाते समय फाग लाइट का प्रयोग करें
  • - अपनी यात्रा के किसी भी पुनर्निर्धारण के लिए एयरलाइंस और रेलवे एवं राज्य परिवहन से संपर्क में रहें
  • - आवश्यक रहने पर ही घर से बाहर निकलें, चेहरे को ढंककर रखें।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157953