search

Moradabad Weather Forecast: ठंड और कोहरे का डबल अटैक, ट्रेनें रद, स्कूल खाली और ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किलें

cy520520 2025-12-21 04:06:53 views 509
  

घने कोहरे के बीच गुजरती ट्रेन



जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। घने कोहरे और खराब मौसम ने रेल यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। ठंड के साथ छाए कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार को नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को रद कर दिया गया, जिससे यात्रियों की दिक्कत और बढ़ गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

कई यात्री आनलाइन माध्यम से ट्रेन की स्थिति देखकर स्टेशन पहुंचे, लेकिन रास्ते में ट्रेन और लेट हो गई। वहीं, जो यात्री आनलाइन स्थिति देखने में सक्षम नहीं हैं, वे ट्रेन के निर्धारित समय पर ही स्टेशन पहुंच गए। घंटों इंतजार के चलते प्लेटफार्म पर भी भीड़ नजर आ रही है। ठंड और कोहरे के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।

कोहरे की मार लंबी दूरी की ट्रेनों पर ज्यादा देखने को मिली। लालगढ़ से गुवाहाटी जाने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस तय समय से 3 घंटे 40 मिनट देरी से मुरादाबाद पहुंची। इसी तरह जयनगर से अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस करीब 12 घंटे से अधिक लेट चल रही है। कई ट्रेनों के यात्री पूरी रात और दिनभर स्टेशन पर इंतजार करने को मजबूर रहे।

जम्मू तवी से गुवाहाटी जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस, हरिद्वार स्पेशल मेला एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गरीब रथ, राजगीर स्पेशल मेला समेत कई ट्रेनों की रफ्तार कोहरे के कारण थम गई। अधिकांश ट्रेनें एक से लेकर 15 घंटे से ज्यादा की देरी से मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचीं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति सीमित रखी जा रही है। लगातार हो रही देरी के चलते यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गई हैं। कई लोग जरूरी कामों के लिए समय पर पहुंच नहीं सके। आने वाले दिनों में यदि कोहरे की स्थिति इसी तरह बनी रही तो रेल यातायात पर असर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गलन से कांपा शरीर, दिन भर सूरज के भी नहीं हुए दर्शन

सर्दी ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए हैं। ठंडी हवाओं, नमी और घने कोहरे के मेल से शनिवार को गलन बढ़ गई, जिससे दिनभर लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा। आधी रात के बाद कोहरा छा गया, जो सुबह तक शहर और आसपास के इलाकों में देखने को मिला। दृश्यता 150 मीटर से भी कम होने के कारण रेल और सड़क दोनों यातायात प्रभावित हुए।

स्कूलों में भी सर्दी की वजह से उपस्थिति कम हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रहा। यह शुक्रवार से एक डिग्री कम रहा। सुबह सात बजे तक कांठ रोड, दिल्ली रोड, रामपुर रोड, संभल रोड समेत प्रमुख मार्गों पर कोहरे घना कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को डिपर जलाकर चलना पड़ा।

शीशों पर जमी नमी के कारण उन्हें वाइपर का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात ऐसे ही रहे, जिससे सुबह के समय वाहनों का आवागमन धीमा पड़ गया। दोपहर करीब एक बजे सूर्यदेव के दर्शन तो हुए, लेकिन धूप कमजोर रहने से ठिठुरन बनी रही। शाम होते-होते फिर से कोहरा छा गया और ठंड का असर बढ़ गया।

लोग अलाव, रूम हीटर और गर्म कपड़ों के सहारे नजर आए। रात में ठंड बढ़ने से नगर निगम के रैन बसेरों में ठहरने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ। रोडवेज के पास बने रैन बसेरे में क्षमता के अनुरूप लोग रुके रहे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।
ठंड और कोहरे में सावधानी जरूरी

  • कोहरे में वाहन चलाते समय धीमी गति रखें।
  • डिपर व फाग लाइट का प्रयोग करें।
  • ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्गों-बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
  • सर्दी में सुबह के सैर सपाटे से बचें।





यह भी पढ़ें- साइबर अलर्ट: आपकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर ठगों की नजर, एआइ के जरिए रच रहे अश्लील साजिश
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
153737