आमसमान में उड़ रहा ड्रोन।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर की सड़कों और फ्लाईओवर की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए आसमान में उड़ रहे धनबाद नगर निगम (DMC) के दो ड्रोन अचानक लापता हो गए। यह घटना नगर निगम के लिए जहां तकनीकी चुनौती बन गई है, वहीं लोगों के बीच कौतूहल और चर्चा का विषय भी बन गई है।
धनबाद नगर निगम के लिए गुरुवार का दिन कुछ अलग ही रहा। नगर निगम की ओर से शहर में सड़क, फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी ढांचे की स्थिति का सटीक सर्वे करने के उद्देश्य से ड्रोन सर्वे और निगरानी का काम किया जा रहा था। इसके लिए दो अत्याधुनिक ड्रोन लगाए गए थे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दोनों ड्रोन निर्धारित क्षेत्र में उड़ान भरते हुए सर्वे कर रहे थे, तभी अचानक संपर्क टूट गया और कुछ ही देर में दोनों ड्रोन गायब हो गए। माना जा रहा है कि एक ड्रोन धैया स्थित प्रभातम मॉल के समीप गिरा, जबकि दूसरा ड्रोन जोगता थाना क्षेत्र के आसपास गिरा होगा। ड्रोन गिरने की खबर मिलते ही नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों को तलाश में लगाया गया। घंटों तक इलाके की खाक छानी गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों ड्रोन का कोई सुराग नहीं मिल सका।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन के गिरने के पीछे तकनीकी खराबी या बैटरी डाउन होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह तकनीकी समस्या का मामला प्रतीत होता है। ड्रोन को वापस लाने के लिए विशेषज्ञों से तकनीकी सहायता ली जा रही है।
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को ड्रोन दिखाई दे, तो उसके पास न जाएं और तुरंत नगर निगम को सूचना दें। इसके लिए नगर निगम की ओर से एक मोबाइल नंबर 9386197889 जारी किया गया है, जिस पर ड्रोन से संबंधित कोई भी जानकारी साझा की जा सकती है।
फिलहाल, नगर निगम की टीम ड्रोन की तलाश में जुटी हुई है। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में गिरे ये ड्रोन कहां गए, यह सवाल सभी के मन में है। ड्रोन की सुरक्षित बरामदगी न सिर्फ नगर निगम के लिए जरूरी है, बल्कि भविष्य की योजनाओं और सर्वे कार्यों के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है। |