मुख्यमंत्री ने महुली-पुनपुन फेज दो के निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश। फोटो-एक्स
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मीठापुर-महुली-पुनपुन पथ फेज-दो के तहत सिपारा गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने सिपारा से मीठापुर एलिवेटेड पथ के निर्माण कार्य को भी देखा। इसकी लंबाई 2.1 किलोमीटर है। मुख्यमंत्री ने मीठापुर फ्लाइओवर, सिपारा गुमटी एवं बाईपास के पास निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मीठापुर-महुली-पुनपुन पथ की कुल लंबाई 11.90 किलोमीटर है। इसमें 5.20 किलोमीटर एलिवेटेड (फोरलेन) पथ तथा 6.70 किलोमीटर एटग्रेड (फोरलेन) पथ शामिल है। भूपतिपुर से महुली एलिवेटेड पथ का निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे चालू कर दिया गया है।
महुली से पुनपुन एटग्रेड पथ का भी निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसका शुभारंभ 16 जून को मुख्यमंत्री ने किया था। फेज-दो के तहत सिपारा गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य तथा सिपारा से मीठापुर एलिवेटेड पथ का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसे अगले वर्ष अगस्त तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस फोरलेन पथ का निर्माण हो जाने से जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। यह फोर लेन सड़क पुनपुन में पटना-गयाजी नेशनल हाईवे पथ से जुड़ेगी।
सर्विस व पहुंच पथ का निर्माण जून तक होगा पूरा
मुख्यमंत्री ने मीठापुर से चिरैयाटांड़ फ्लाइओवर को जोड़ने वाले पहुंच पथ एवं सर्विस पथ के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। मीठापुर-चिरैयाटांड़-करबिगहिया फ्लाइओवर पथ, मीठापुर फ्लाइओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाइओवर (वाया करबिगहिया) को जोड़ने हेतु पहुंच पथ एवं सर्विस पथ (दोनों तरफ) का निर्माण कार्य जारी है।
इस पथ की चौड़ाई 15.50 मीटर तथा लंबाई 1.73 किलोमीटर है, जिसे जून, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसका निर्माण कार्य पूर्ण होने से करबिगहिया स्टेशन के पास जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के समय मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर पुदकलकट्टी, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम आदि उपस्थित थे। |