चंदे नायक घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती
जागरण संवाददाता, राउरकेला। लहुनीपाड़ा और चांदीपोस थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और कुख्यात चंदे नायक उर्फ चंदे गैंग के बीच हुई दो अलग अलग मुठभेड़ में गिरोह के तीन सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन देशी बंदूकें, कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा नगदी बरामद की हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
यह वही गिरोह है, जो हाल ही में बारसूआं, बांको और कोइड़ा क्षेत्र में हुई डकैती की घटनाओं में शामिल था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के सदस्य बीते दिनों कई वारदातों को अंजाम देने के बाद झारखंड की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान संयुक्त पुलिस दल ने लहुनीपाड़ा और चांदीपोस थाना क्षेत्र की सीमा पर उनकी घेराबंदी कर दी।
जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में गिरोह का सरगना चंदे नायक, पारस राम, राजेश सिंह शामिल है। जबकि पांच अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों के खिलाफ ओडिशा और झारखंड के विभिन्न जिलों में डकैती, लूट और अवैध हथियार रखने के कई मामले दर्ज हैं। गिरोह के अंतर राज्य नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। झारखंड पुलिस से भी समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। |