शहर में चार स्थानों पर एक ही दुकान के अंदर जन सेवा केंद्र की सुविधा के साथ घर का राशन और अन्य सामान मिलेगा।
हसीन शाह, गाजियाबाद। शहर में चार स्थानों पर एक ही दुकान के अंदर जन सेवा केंद्र की सुविधा के साथ घर का राशन और अन्य सामान मिलेगा। इसके लिए पूर्ति विभाग शहर के चार स्थानों पर माडल शाप यानी अन्नपूर्णा भवन बनाएगा। नगर निगम ने इसके लिए ढरगल, शाहपुर और घूकना में 400-400 वर्गमीटर भूमि चिह्नित की गई है। जबकि डूडाहैडा में 300 मीटर भूमि चिह्नित की गई है। निगम ने भूमि की रिपोर्ट पूर्ति विभाग को भेज दी है। वहीं, 75 गांवों में ग्राम पंचायत द्वारा भूमि चिह्नित करने का काम किया जा रहा है।
जिले में 75 अन्नपूर्णा भवन और बनाए जाने हैं। इसके लिए सरकारी जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। जिले में सरकारी राशन की 542 दुकानें हैं, इनमें से 11 अन्नपूर्णा भवन हैं। सरकार की मंशा है कि सरकारी राशन की दुकान को विक्रेता अपने घर पर संचालित न करें। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसके लिए अलग से सरकारी भवन बनाने का निर्णय लिया गया है। ऐसा होने पर राशन कार्डधारकों को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र में एकल और शहरी क्षेत्र में चार दुकानों बनाई जाएगी। पूर्ति विभाग ने नगर निगम से भूमि उपलब्ध कराने के लिए कहा था। ऐसे में निगम ने भूमि चिह्नित कर इसकी रिपोर्ट विभाग को सौंप दी है। अब शहरी क्षेत्रों में दुकानों का निर्माण कार्य शुरू हो जागएा। अन्नपूर्णा भवन यानी माडल शाप आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित किए जाएंगे।
यह एक बेहतर राशन की दुकान हेागी। यहां न केवल सरकारी राशन दिया जाएगा, बल्कि अन्य आवश्यक वस्तुओं, जेनेरिक दवाओं और सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) की सुविधाएं भी उपलब्ध होगी। इससे जिससे राशन डीलरों की आय में वृद्धि होती है। इसमें ग्राहकों के लिए प्रतीक्षा कक्ष और एक गोदाम बनेगा। कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से जन्म, मृत्यु, आय और जाति प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
बढ़ाई जा सकती है भवनों की संख्या : अभी केवल शहर में चार भवन बनाने की योजना है। यदि यह योजना सफल होती है तो इनकी संख्या में इजाफा किया जाएगा। जिससे शहर के लाखों लोगों को फायदा होने की उम्मीद है। इन भवनों के बनने से निजी स्तर पर खुले सामान्य सेवा केंद्र पर लगी लाइन को भी कम किया जा सकेगा। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान भी भूमि की तलाश करने में सहयोग कर रहे हैं।
नगर निगम ने अन्नपूर्णा भवन बनाने के लिए चार स्थानों पर भूमि चिह्नित कर ली है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहयोग जल्द ही इसका निर्माण किया जाएगा। - विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त |