search

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जूनियर बालक Hockey World Cup -2025 की ट्रॉफी का लखनऊ में किया स्वागत, विजय की कामना

Chikheang 2025-11-12 17:37:58 views 1236
  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ट्राफी के साथ हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर के श्रीवास्तव



राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को लगातार बेहतर माहौल देकर प्रदेश को अग्रणी सूची में लाने को कटिबद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर जूनियर बालक हॉकी विश्वकप-2025 की ट्रॉफी का स्वागत किया। उन्होंने विश्वकप में भारतीय खिलाड़ियों के सफलता की मंगलकामना भी की। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में जूनियर बालक हॉकी विश्वकप-2025 के मुकाबले 28 नवंबर से दस दिसंबर तक होंगे। इसमें मेजबान भारत के साथ चीन, बेल्जियम जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत 24 टीम हिस्सा ले रही हैं। मेजबान भारत ने 2001 व 2016 में यह खिताब जीता था। भारत इस बार घरेलू मैदान पर तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। अमेरिका की टीम 2024 में चैंपियन थी। एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 में पहली बार 24 टीमें भाग ले रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का अपने सरकारी आवास पर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ में एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का स्वागत करना मेरे और प्रदेशवासियों के लिए आह्लादित करने वाला क्षण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आना यूपी के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण है।

हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है। योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर हॉकी के जादूगर के रूप में विख्यात मेजर ध्यानचंद को भी याद किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने उत्तर प्रदेश की धरती में जन्म लिया था। उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने तीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने में सफलता प्राप्त की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कर रही है। इस वर्ष से पहला सत्र प्रारंभ हो चुका है। मुख्यमंत्री ने हॉकी के यशस्वी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह भी उत्तर प्रदेश में जन्मे थे। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी में उनके निवास को एक म्यूजियम के रूप में बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश हॉकी खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रदेश ने अनेक ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने हॉकी इंडिया को सम्मान दिलाया।

उन्होंने पद्म पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्र, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एमपी सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, प्रीति दुबे जैसे हॉकी के खिलाड़ियों के योगदान को भी याद किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में भी उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा महिला व पुरुष वर्ग की सीनियर और जूनियर भारतीय टीम में चयनित होकर प्रदेश और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से जुड़े समस्त पदाधिकारियों का लखनऊ आगमन पर स्वागत करते हुए एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के सफल आयोजन की भी शुभकामना दी। समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल वाई वी, निदेशक डॉ. आर पी सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर के श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी के महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय समेत हॉकी इंडिया से जुड़े भी अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157953