हथियार सप्लाई करने वाले पंजाब के एक सरपंच से तीन हथियार बरामद
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया की 14 जुलाई को हुई गोलीबारी के मामले में सरधानिया और दीपक नांदल को हथियार सप्लाई करने वाले पंजाब के एक सरपंच (ग्राम प्रधान) से तीन हथियार बरामद किए गए हैं।
इनमें दो इटली निर्मित बेरेटा और एक पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल शामिल है। आरोपियों के पास से पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल मिलने से इस बात की संभावना और पुख्ता हो गई है कि पाकिस्तानी आपूर्तिकर्ता भारत में आतंक फैलाने के लिए हथियार सप्लाई कर रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
फाजिलपुरिया गोलीबारी मामले में कई गिरफ्तारियां करने और आरोपी सरपंच से पूछताछ के बाद, सेक्टर 31 क्राइम ब्रांच की टीम ने 7 नवंबर को पंजाब के फिरोजपुर के कटोरा गांव निवासी विक्रमजीत सिंह को फिरोजपुर से गिरफ्तार किया। इस आरोपी ने गगनदीप को अवैध हथियार मुहैया कराए थे, जिसका इस्तेमाल राहुल फाजिलपुरिया की गोलीबारी में किया गया था।
हाल ही में पुलिस गगनदीप को पंजाब की एक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। पूछताछ के दौरान विक्रमजीत के बारे में जानकारी मिली। विक्रमजीत को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान उसकी निशानदेही पर तीन विदेशी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए गए।
पता चला कि उसने किसी और से छह हथियार खरीदे थे। इनमें से उसने गगनदीप के जरिए सरधनिया और नांदल के गुर्गों तक तीन पिस्तौल पहुंचाईं। तीन पिस्तौल उसने अपने पास रखीं। बता दें कि राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के बाद गैंगस्टर सुनील सरधनिया और दीपक नांदल ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली थी।
गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सप्ताह पहले रविवार को सरधनिया को मध्य अमेरिका के कोस्टा रिका से गिरफ्तार किया था और उसे गुरुग्राम ले आई थी। उससे पूछताछ में उसके गिरोह के गुर्गों और हथियार सप्लाई के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली थी। |