प्रधानमंत्री बिहार की लाखों महिलाओं से आज करेंगे संवाद
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रथम चरण का विधानसभा चुनाव प्रचार थमने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को महिलाओं से संवाद करेंगे। भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम का नाम मेरा बूथ सबसे मजबूत महिला संवाद रखा गया है।
पार्टी की ओर से चार बजे नमो एप से संवाद का कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है। कार्यक्रम में आठ लाख से अधिक महिलाओं के जुड़ने का अनुमान है।
भाजपा की ओर महिलाओं से 3.30 बजे ही जुड़ने की अपील की जा रही है। वहीं, 20 चयनित महिलाओं से वन टू वन प्रधानमंत्री बात भी करेंगे।
महिलाओं से नमो एप के माध्यम से सुझाव भी मांगा गया है। संभव है कि संवाद के दौरान प्रधानमंत्री महिलाओं से मिले सुझाव पर चर्चा करें।
संवाद के मध्य संबंधित के नाम, पता का भी जिक्र करें। पहल के पीछे भाजपा का लक्ष्य मतदान के दौरान सर्वाधिक बढ़चढ़ कर वोट करने वाले बड़े मतदाता समूह को जागरूक करना है।
पहले चरण में 18 जिले के 121 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है। कुल 3,75,13,302 मतदाता 1314 प्रत्याशियों के भाग्य काे छह नवंबर को ईवीएम में बंद करेंगे।
10 हजार से अधिक स्थानों पर होगा सामूहिक कार्यक्रम
भाजपा की ओर से 10 हजार से अधिक स्थानों पर सामूहिक कार्यक्रम का संयोजन किया गया है। इसमें 10717 शक्ति केंद्र एवं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र मुख्यालय स्तर पर बड़े एलईडी लगाकर संवाद को दिखाने की व्यवस्था भी की गई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें |