होली पर लड्डू गोपाल के लिए दो रंग, तीन रंग व चार रंगों में होली स्पेशल थाली : जागरण
विनय विश्वकर्मा, मेरठ। नटखट कान्हा के नन्हें स्वरूप ठाकुर जी और लड्डू गोपाल के लिए इस बार होली का बाजार विशेष आस्था और आकर्षण से सजा है। शहर में जगह-जगह होली स्पेशल थालियों की रंगीन झलक भक्तों को भाव-विभोर कर रही है।
छोटी-छोटी पिचकारियां और बाल्टियां राजकोट से तैयार होकर आई हैं, तो सुगंधित स्प्रे वाला इत्र कन्नौज से मंगाया गया है। होली विशेष थाली में दो, तीन और चार रंगों के गुलाल अलग-अलग आकार में सजाए गए हैं, ताकि भक्त अपने लड्डू गोपाल को मनभावन अंदाज में रंग लगा सकें।
विशेष बात यह है कि इत्र की खुशबू में मथुरा और बरसाना की होली की पारंपरिक सुगंध का समावेश किया गया है, जिससे ब्रज की फागुन मस्ती का अहसास घर-घर पहुंच सके। गुलाल, बाल्टी, पिचकारी और इत्र के साथ होली स्पेशल पोशाक भी भक्तों को खूब लुभा रही है।
शहर के सदर बाजार, लाला का बाजार, सेंट्रल मार्केट और शारदा रोड स्थित बड़ी दुकानों पर ये उत्पाद उपलब्ध हैं। होली के इस उल्लास में भक्त पूरे श्रद्धाभाव से अपने ठाकुर जी संग रंगोत्सव मनाने की तैयारी में जुटे हैं।
इस प्रकार है कीमत
- स्प्रे वाला परफ्यूम - 150 रुपये (100 मिली)
- छोटी पिचकारी व बाल्टी - 30 से 80 रुपये
- छोटी पिचकारी, बाल्टी व दो रंग - 80 रुपये
- छोटी बाल्टी, पिचकारी व चार रंग - 150 रुपये
- लड्डू गोपाल की होली स्पेशल पोशाक - 150 रुपये से 300 रुपये
- लड्डू गोपाल के सेंट वाले स्पेशल गुलाल - चंदन, गुलाब, केवड़ा - 60 रुपये
- लड्डू गोपाल के होली स्पेशल इत्र - 50 से 150 रुपये (8 से 200 मिली)
ठाकुर जी होली विशेष पोशाक, दो, तीन व चार रंग के गुलाल की थाली, इत्र, बाल्टी पिचकारी व पोशाक सभी उपलब्ध हैं। होली पर ठाकुर जी को अलग-अलग रंग व पोशाक से से श्रृंगार किया जाएगा। - अभय श्रीवास्तव, पटवा जी एंड संस, सदर बाजार
लड्डू गोपाल के लिए नन्हीं बाल्टी व पिचकारी गुजरात से बनकर आई हैं। इस बार यह होली पर विशेष है। ग्राहक भी पसंद कर रहे हैं। थाली में रंग भी दो से चार प्रकार के गुलाल दिए गए हैं। - ऋषभ गुप्ता, बालाजी गिफ्ट सेंटर, शारदा रोड
 |