प्रयागराज में अपर शिक्षा निदेशक राजकीय अजय कुमार द्विवेदी को मांग पत्र सौंपते राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारी। सौ: संघ
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। सहायक अध्यापक से प्रवक्ता एवं अधीनस्थ राजपत्रित पदों पर लंबित पदोन्नतियों को 15 मार्च 2026 तक जारी करने की मांग राजकीय शिक्षक संघ ने उठाई है। गुरुवार को शिक्षा निदेशालय में अपर शिक्षा निदेशक (एडी) राजकीय अजय कुमार द्विवेदी को दिए अपर मुख्य सचिव को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र में चेतावनी दी गई है कि समयबद्ध कार्रवाई न होने पर शिक्षक यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य से स्वयं को अलग रखेंगे।
मांग पत्र में संघ के प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर प्रसाद पाण्डेय एवं प्रांतीय महामंत्री अरुण यादव ने कहा है कि पुरुष संवर्ग में सहायक अध्यापक से प्रवक्ता पद पर पदोन्नति करीब 15 वर्षों से लंबित है। वरिष्ठता सूची घोषित हुए आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन पदोन्नति नहीं दी गई है, जबकि प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत राजकीय विद्यालयों में प्रवक्ता के पद रिक्त हैं।
इसके अलावा महिला संवर्ग में भी पिछले दो वर्षों से पदोन्नति प्रक्रिया नियमित नहीं हो सकी है, जिससे उनमें असंतोष है। इसी तरह अधीनस्थ राजपत्रित पद पर पदोन्नति का प्रवि ान होने के बावजूद इसे हर वर्ष लागू नहीं किया जा रहा। वर्तमान में 100 से अधिक पद रिक्त हैं और 55-60 शिक्षक ऐसे हैं, जो 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
ऐसे में पदोन्नति 15 मार्च तक पूरी की जाए, ताकि अगले महीने सेवानिवृत्त होने जा रहे शिक्षकों को भी लाभ मिल सके। इसी के साथ यह भी मांग की गई है कि 28 मार्च 2025 को जिन शिक्षकों की पदोन्नति हुई और 11 माह बाद भी कार्यभार ग्रहण न करने वालों की पदोन्नति निरस्त की जाए, जिससे अन्य पात्र शिक्षकों को अवसर मिल सके। वार्षिक स्थानांतरण नीति में संशोधन कर सभी विद्यालयों की रिक्तियां पोर्टल पर प्रदर्शित करने तथा आनलाइन-ऑफलाइन स्थानांतरण में समानता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।  |