श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी ने पंथा चौक में ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण किया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जारी वर्ष में श्री बाबा अमरनाथ यात्रा को सुरक्षा व कामयाब बनाने के लिए प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर व एसएसपी ने श्रीनगर के पंथा चौक में श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के ट्रांजिट कैंप का दौरा किया।
श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर अक्षय लबरू ने एसएसपी संदीप चक्रवर्ती के साथ श्रीनगर के ट्रांजिट कैंप में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में यात्रा शुरू होने से पहले सभी प्रबंध हो जाने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि सभी विभाग बेहतर समन्वय बनाकर काम करें। प्रदेश में अभी श्री बाबा यात्रा शुरू होेने की तिथि की घोषणा नही हुई है।
डिप्टी कमिश्नर ने किया ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण
इसी बीच ट्रांजिट कैंप के दौरे के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने वहां यात्रियों के पंजीकरण, आवास, बिस्तर व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षा तैनाती, यातायात प्रबंधन व उपलब्ध करवाई जाने वाली अन्य आवश्यक सेवाओं की समीक्षा की। यह ट्रांजिट कैंप प्रदेश में श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रीनगर में श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख ठहराव स्थल है।
वहां पर यात्रियाें की ई-केवाईसी सत्यापन, आरएफआइडी कार्ड वितरण के साथ पंजीकरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डिप्टी कमिश्नर ने यात्रा प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली।
बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश
इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार व सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा व जन-सुविधा के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए। ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दौरे के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने आरएंडबी व पीएचई विभागों के अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे ज़मीनी स्तर पर आवश्यकताओं का आकलन कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए कदम उठाएं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता करार देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कैंप में स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति व लंगर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।  |