LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 684
तीन माह से वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित प्रयागराज में एसआरएन अस्पताल के सफाईकर्मी। जागरण
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। होली पर्व निकट है लेकिन वेतन नहीं मिला, वह भी तीन महीने से। चतुर्थ श्रेणी में सफाई कर्मचारियों के घर फांकाकसी की नौबत है। गुरुवार को प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में इसे लेकर जमकर विरोध हुआ। आउटसोर्स पर नियुक्त सफाई कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया। हड़ताल घोषित करते हुए वार्डों से बाहर आ गए और एक स्थान पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। इससे हड़कंप मच गया। अस्पताल में सफाई व्यवस्था चरमरा गई।अस्पताल के प्रशासनिक तंत्र के हाथ पांव फूल गए। मरीजों और उनके तीमारदारों की कोई सुनने वाला नहीं था।
कंपनी के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने की हड़ताल
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में ज्यादातर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती आउटसोर्स पर है। इसमें ए-वन कंपनी के द्वारा जो कर्मचारी रखे गए थे उन्हीं ने हड़ताल की। कारण है कि ए-वन कंपनी का मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज से करार खत्म हो चुका है अब दूसरी कंपनी के पास जिम्मेदारी है। जबकि ए-वन कंपनी के द्वारा रखे गए कर्मचारियों को वेतन कौन देगा, इस बारे में मेडिकल कालेज प्रशासन ने पूरी संवेदना से विचार किए बिना उदासीनता बरती।
हो-हल्ला करते रहे, वार्डों में फैली रही गंदगी
जिस समय सफाई कर्मचारियों ने काम ठप कर रखा था, तब वार्डों में गंदगी पड़ी रही। सुबह-सुबह कहीं साफ सफाई नहीं हुई। ड्यूटी पर आए 50 से अधिक कर्मचारी हो हल्ला करते रहे। नारेबाजी हुई। कर्मचारियों का कहना था कि वेतन नहीं मिल रहा है, त्योहार सिर पर है। ऐसे में काम कैसे कर पाएंगे।
मिला आश्वासन तो लौटे काम पर
लगभग एक घंटे के बाद स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्साधीक्षक डाॅ. नीलम सिंह ने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से बात की। उन्हें आश्वासन दिया होली से पहले ही सभी का वेतन भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कंपनी और शासन में पत्र भेजे जाने तथा जवाब मिलने की जानकारी दी। प्रमुख चिकित्साधीक्षक के आश्वासन पर कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर लौट गए। लगभग डेढ़ घंटे तक सफाई कार्य बाधित रहा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में हाई कोर्ट ROB को लेकर रेलवे का ऐलान, एक वर्ष में अपना काम पूरा कर लेगी, लाखों लोगों को आवागमन में होगी राहत
यह भी पढ़ें- पीएम आवास योजना ग्रामीण में बेघर वाले बनकर किया था आवेदन, अब नाम सूची से बाहर किए जा रहे, पात्रों को मिलेगा लाभ  |
|