जमुई के बरहट में बने यात्री शेड की दीवार पर लिखा है शादी-विवाह हेतु देखा-देखी भवन।
संवाद सूत्र बरहट (जमुई)। जमुई के बरहट प्रखंड अंतर्गत मलयपुर स्थित मां कालिका मंदिर के समीप बने यात्री शेड पर लिखे “शादी-विवाह हेतु देखा-देखी भवन” शब्द को प्रशासन ने बुधवार को हटवा दिया। यह मामला तब चर्चा में आया जब शेड की फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई।
प्रशासन ने तुरंत किया संज्ञान
इस कार्रवाई में बीडीओ श्रवण कुमार पांडेय, अंचल अधिकारी मयंक अग्रवाल और थानाध्यक्ष शेखर सौरभ उपस्थित रहे। उन्होंने लाल रंग से उक्त शब्द को मिटवा दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इस मामले पर चर्चा फिर तेज हो गई। कहा जाता है जो भी लोग इस जगह से गुजरते थे, वह दीवार में लिखे वाक्य को पढ़कर एक बार जरुर मुस्कुरा देते थे।
शेड का निर्माण और स्थानीय पहल
बताया जाता है कि यह यात्री शेड पूर्व केंद्रीय मंत्री और तत्कालीन सांसद जयप्रकाश नारायण यादव की सांसद निधि से बनवाया गया था। समय के साथ भवन जर्जर हो गया। मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और स्थानीय जरूरतों को देखते हुए कालिका मंदिर समिति ने शेड की मरम्मत कराई, रंग-रोगन किया और पंखा व लाइट की व्यवस्था भी की।
सोशल मीडिया में वायरल और विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, गरीब और जरूरतमंद परिवार यहां विवाह योग्य लड़का-लड़की की देखा-देखी के लिए आते थे। इसी कारण शेड पर “बिहार सरकार” के नाम के नीचे यह वाक्य लिखा गया था। हाल के दिनों में यह इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने इसे हटवाने का निर्देश दिया।
अधिकारी का बयान
बीडीओ श्रवण कुमार पांडेय ने कहा, “समाज से जुड़े कार्य करना अच्छी पहल है, लेकिन ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे लोगों के बीच भ्रम उत्पन्न हो। सरकार द्वारा ऐसी कोई योजना नहीं चलाई गई है। वरीय अधिकारी के निर्देश पर यात्री शेड पर लिखे वाक्य को मिटवाया गया।” हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने इसे गरीब परिवारों के लिए उपयोगी पहल बताया, जबकि अन्य का कहना था कि सरकारी भवन पर इस प्रकार का उल्लेख उचित नहीं था।
समाज से जुड़े कार्य करना अच्छी पहल है, लेकिन ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो। सरकार द्वारा ऐसी कोई योजना नहीं चलाई गई है। वरीय अधिकारी के निर्देश पर यात्री शेड पर लिखे वाक्य को मिटवाया गया है। -
श्रवण कुमार पांडेय, बीडीओ, बरहट  |
|