मुख्य सचिव ने 12.57 करोड़ की योजना को दी स्वीकृति. Concept Photo
राज्य ब्यूरो, देहरादून। न्यू कैंट मार्ग पर दिलाराम बाजार से विजय कालोनी पुल तक सड़क को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए 12.57 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई। इस कार्य के तहत विद्युत लाइनों को यूटिलिटी डक्ट में स्थानांतरित करने के साथ ही पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग भी की जाएगी। इससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में अधिकृत वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की कई महत्वपूर्ण आधारभूत विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में यूआइडीएफ फंड के अंतर्गत इस धनराशि का प्रविधान किया गया।
पिथौरागढ़ में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण
जनपद पिथौरागढ़ में घाट पंपिंग पेयजल योजना के तहत जर्जर पाइपलाइन और राइजिंग मेन के प्रतिस्थापन एवं पुनरीक्षण के लिए 13.38 करोड़ की योजना को स्वीकृति दी गई। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा।
मसूरी राज्य राजमार्ग पर नया पुल बनेगा
मसूरी राज्य राजमार्ग संख्या-एक पर सहसपुर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त एकल लेन पुल के स्थान पर 12 करोड़ लागत से 60 मीटर स्पान का दो लेन स्टील बाक्स पुल बनाया जाएगा, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा।
रामनगर बस टर्मिनल परियोजना पर सख्त रुख
रामनगर बस टर्मिनल परियोजना की लागत में असंतुलन पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने परियोजना की लागत, साइट चयन और व्यय की उपयोगिता की जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग मितव्ययी और पारदर्शी तरीके से किया जाए। बिना पर्याप्त जांच के कोई भी प्रस्ताव उच्च स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत न किया जाए और सभी परियोजनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें- देहरादून में शंटिंग के दौरान पटरी से उतरा एक्सप्रेस कोच, इंजन ब्रेक फेल होने से हादसा
यह भी पढ़ें- देहरादून मस्जिद सीलिंग मामला: हाई कोर्ट ने अवैध निर्माण याचिका की खारिज, कहा -\“राहत नहीं दी जा सकती\“  |