भांगड़ में रासायनिक ड्रम फटने से हादसा (सांकेतिक इमेज)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में रसायन से भरे ड्रम के फट जाने से हुए विस्फोट में झुलसे नौ वर्षीय नाबालिग लड़के की बुधवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान खारीगाची गांव के निवासी सादिकुल अहमद के रूप में हुई है। वह 17 फरवरी को सड़क की मरम्मत के कार्य में इस्तेमाल होने वाले रसायनों से भरे एक ड्रम के फट जाने के बाद बुरी तरह झुलस गया था। पुलिस ने बताया कि मध्य खारीगाची गांव में हुई इस घटना के समय सड़क के किनारे चार बच्चे खेल रहे थे।
भांगड़ में रासायनिक ड्रम फटने से हादसा
घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें यहां के एमआर बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगभग 95 प्रतिशत झुलस चुके सादिकुल को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, सुबह पांच बजकर करीब 55 मिनट पर बच्चे की मौत हो गई, वहीं अन्य दो घायल बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। बच्चे के स्वजन ने इससे पहले आरोप लगाया था कि सड़क निर्माण कार्य के लिए घनी आबादी वाले इलाके में लगभग 200 लीटर डीजल से भरा एक ड्रम बिना किसी निगरानी के छोड़ दिया गया था।  |