भारत- नेपाल सीमा पर तैनात जवान। जागरण
संवाद सहयोगी, हरलाखी (मधुबनी) । पड़ोसी सह मित्र राष्ट्र नेपाल में आगामी पांच मार्च को निर्धारित प्रतिनिधि सभा के चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसएसबी 48वीं वाहिनी ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
एसएसबी जवान दोनों देशों के बीच आवागमन के सभी मार्गों पर पूर्ण रूप से चौकसी बनाए हुए हैं। आवागमन के पगडंडी मार्गों पर दोनों देशों के जवान संयुक्त रूप से लगातार गश्ती कर रहे हैं ।
गश्ती के दौरान आपसी समन्वय से सीमा स्तंभों की जांच व अवैध गतिविधि के विरुद्ध कार्रवाई करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा एसएसबी जवान आवागमन के मुख्य मार्ग भारत-नेपाल के बीच पिपरौन जटही चेकपोस्ट पर लगातार सघन जांच-पड़ताल में जुटे हुए हैं ।
इस दौरान दोनों देशों के बीच आवागमन करने वाले प्रत्येक राहगीरों के पहचान पत्र का बारीकी से जांच-पड़ताल किया जा रहा है। बगैर पहचान पत्र के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दिया गया है ।
राहगीरों से आवागमन के कारणों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। वहीं वाहनों के परिचालन में भी सख्ती बरती जा रही है। सम्पूर्ण कागजात के बाद ही वाहनों को प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है।
इसके अलावा राहगीरों के सामानों की एक्सरे मशीन से जांच की जा रही है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच पगडंडी मार्गों पर लगातार गश्ती की जा रही है।
गश्ती के माध्यम से अवैध गतिविधि व घुसपैठ पर नजर रखी जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसबी 48वीं वाहिनी के कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसएसबी जवानों के द्वारा सीमा पर रूटिंग चेकिंग के अलावा विशेष चौकसी बरती जा रही है।
इसके लिए जगह-जगह कैमरे से निगरानी के साथ अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। सीमा पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि के विरुद्ध कठोर कार्रवाई चल रही है।  |
|