search

होली से पहले मिलावटी छेना-पनीर का भंडाफोड़: कारखाने पर छापा, 15 क्विंटल माल बंबे में नष्ट

Chikheang 1 hour(s) ago views 653
  

फैक्ट्री में मिलावटी पाउडर से बने छेना फेकते अधिकारी। जागरण



संवादसूत्र, दिबियापुर (औरैया)। होली में सज रहे मिठाई के बाजार में मिलावट का खेल भी शुरू हो चुका है। जिसे पकड़ने के लिए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के साथ प्रशासनिक टीम ने छापेमारी शुरू की है। बुधवार दोपहर दिबियापुर क्षेत्र के कसहा गांव में पहुंची टीम ने एसडीएम बिधूना की मौजूदगी में एक कारखाने में छापा मारा। 15 क्विंटल से अधिक पाउडर से बना छेना और पनीर बरामद हुआ। जांच के बाद पूरे माल को जब्त कर ट्रैक्टर-ट्राली से कस्बे स्थित बंबा में नष्ट कराया गया। दूसरी ओर बनीं मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए। जिनसे राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ परीक्षण के लिए भेजा गया।


एसडीएम बिधूना गरिमा सोनकिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार की संयुक्त टीम ने कसहा गांव में सबसे पहले घेरेबंदी की। कई जगहों पर पुलिस तैनात कर दी गई। अखिलेश द्वारा संचालित लार्ड क्रिशना स्वीट्स के कारखाने में छापेमारी की। पुलिस व प्रशासन की टीम को देख काम कर रहे कर्मचारियों के होश उड़ गए। वह बने माल को छिपाने में लग गए। प्राथमिक जांच में छेना और पनीर में बड़े पैमाने पर पाउडर की मिलावट पाई गई, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया। जब्त माल को नष्ट किए जाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया।

भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को हटाना पड़ा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में तैयार हो रहीं मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में चर्चा है कि यह कारखाना लंबे समय से संचालित है। यहां से मिलावटी छेना-पनीर सस्ते दामों पर दुकानों और आयोजनों में सप्लाई किया जाता था। अधिकारियों ने फैक्ट्री को सील कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मिठाई विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सेहत के लिए हानिकारक मिलावटी छेना: डा. आनंद

दूध फाड़कर बनाए जाने वाले शुद्ध छेना में प्रोटीन और ग्लूकोज प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। जिसके कारण कई बार शरीर में प्रोटीन की कमी होने पर डाक्टर मरीजों को छेना खाने की सलाह देते हैं। लेकिन यदि छेना केमिकल युक्त पाउडर से तैयार किया गया हो तो यह लाभ के बजाय गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर के प्रभारी डा. विजय आनंद ने बताया कि मिलावटी और केमिकल मिश्रित छेना खाने से लिवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही ऐसे रसायन शरीर के अन्य अंगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे केवल दूध से बना शुद्ध छेना ही खरीदें और सेवन करें, ताकि स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।   
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments

Explore interesting content

Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167818