बिजली निगम के अभियंताओं व कर्मचारियों के परिसर में लग रहा है मीटर। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अपरे परिसर में स्मार्ट मीटर न लगवाने वाले बिजलीकर्मियों का कनेक्शन काटने की शुरुआत हो गई है। बिजली निगम ने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मीटर लगाने में सुस्ती पर अभियंताओं व कर्मचारियों को फटकार लगाई है। इसके बाद अभियंताओं व कर्मचारियों ने मीटर लगाने में सख्ती शुरू कर दी है।
बिजली निगम के चेयरमैन डा. आशीष गोयल ने पिछले वर्ष दिसंबर तक सभी बिजलीकर्मियों के परिसर में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इसकी शुरुआत की गई लेकिन ज्यादातर बिजलीकर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया। कई जगह मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारियों व अभियंताओं के साथ दुर्व्यवहार भी हुआ।
इसके बाद मीटर लगाने का अभियान सुस्त हो गया। पिछले दिनों चेयरमैन ने समीक्षा की और मीटर लगाने में प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिए कि जो बिजलीकर्मी मीटर लगाने से मना कर रहे हैं उनका कनेक्शन काट दिया जाए। इसके बाद भी मनमानी मिलती है तो एफआइआर दर्ज करा दिया जाए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बदलेगा जमीन-मकान का सर्किल रेट, 2026 से लागू होंगे नए नियम
कनेक्शन कटा तो मीटर लगवाने को राजी हुए
कर्मचारियों ने बताया कि एक सेवानिवृत्त अभियंता ने अपने परिसर में मीटर लगाने से मना कर दिया। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं माने तो कनेक्शन काट दिया गया।
तीन-चार घंटे तक वह इधर-उधर जुगाड़ लगाते रहे लेकिन जब बात नहीं बनी तो मीटर लगाने की अनुमति दे दी। मीटर लगाने के साथ ही उनका कनेक्शन जोड़ा गया।  |
|