असम विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा के नेताओं की लगाई ड्यूटी (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने असम विधानसभा चुनाव में जाने वाले हरियाणा के नेताओं की ड्यूटी लगाई है। पूर्व मंत्रियों और पूर्व सांसद-विधायकों सहित 24 वरिष्ठ नेताओं को असम में चुनावी अभियान की कमान संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया द्वारा जारी पत्र के अनुसार पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, जेपी दलाल, बनवारी लाल, बिशम्बर वाल्मीकि, अभय सिंह यादव, संजय सिंह, सीमा त्रिखा, देवेन्द्र सिंह बबली और जगदीश नैयर के साथ ही पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को असम में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, सीताराम यादव, सत्य प्रकाश जरावता, भव्य बिश्नोई, दीपक मंगला, प्रवीन डागर, नरेश कौशिक और टेकचंद शर्मा की ड्यूटी लगाई गई है।
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे मनीष यादव, गुहला से प्रत्याशी रहे रवि तारावली, शाहाबाद से प्रत्याशी रहे सुभाष कलसाना, जुलाना से प्रत्याशी रहे योगेश बैरागी, झज्जर से प्रत्याशी रहे कप्तान बिरधाना और फिरोजपुर झिरका से प्रत्याशी रहे नसीम अहमद भी असम चुनाव में पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे।  |