भारतीय रेल
जागरण संवाददाता, बरेली। रेलवे प्रशासन ने होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई और होली स्पेशल ट्रेनें संचालन की घोषणा की है। इनमें से तीन बरेली से होकर गुजरेंगी। इसके अलावा रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों में सीटों की सूची भी जारी की है, जिसके अनुसार अभी कई सीटें खाली हैं। ऐसे में यात्री इन ट्रेनों से आसानी से अपने घर जा सकते हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 05575/05576 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनल-सहरसा स्पेशल ट्रेन सहरसा से 11 मार्च और आनंद विहार टर्मिनल से 10 और 17 मार्च को चलेगी। 05575 सहरसा से 20:00 बजे चलकर दूसरे दिन बरेली से 18:34 बजे और आनंद विहार टर्मिनल 01:05 बजे पहुंचेगी।
वापसी में 05576 आनंद विहार से 05.15 बजे चलकर बरेली से 10:40 बजे और दूसरे दिन सहरसा से 10:30 बजे पहुंचेगी। 05579/05580 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल पूर्णिया कोर्ट से छह से 15 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को और आनंद विहार से आठ से 16 मार्च तक प्रत्येक रविवार, सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलेगी।
05579 पूर्णिया कोर्ट से 16:30 बजे चलकर दूसरे दिन बरेली से 18:34 बजे और आनंद विहार 01:05 बजे पहुंचेगी।वापसी में 05580 आनंद विहार टर्मिनल से 05:15 बजे चलकर बरेली से 10:40 बजे और दूसरे दिन पूर्णिया कोर्ट 13.45 बजे पहुंचेगी। वहीं उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली होली स्पेशल 27 फरवरी और छह मार्च को चलेगी।
ट्रेन बरेली जंक्शन पर 17:58 बजे पहुंचेगी। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों में सीटों की सूची जारी की है। कई ट्रनों में स्लीपर, एसी की अलग-अलग कैटेगरी में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। छह ट्रेनों में स्लीपर की दो सौ से चार सौ तक सीटें हैं। रेलवे ने यात्रियों को होली स्पेशल ट्रेनों में सीटें बुक कराने को कहा है।
टनकपुर-देहरादून अब सप्ताह में चलेगी तीन दिन
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने का निर्णय लिया है। इसका बरेली के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगी। अभी ट्रेन सप्ताह में सिर्फ एक दिन ही चल रही थी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 15020/15019 टनकपुर-देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस की आवृत्ति में वृद्धि की जागएी।
टनकपुर से 26 फरवरी से चलने वाली 15020 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस सप्ताह में शनिवार के स्थान पर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी और देहरादून से 27 फरवरी से चलने वाली 15019 देहरादून-टनकपुर एक्सप्रेस सप्ताह में रविवार के स्थान पर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी।
टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी का मझोला पकड़िया पर ठहराव
12035/12036 टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जन शताब्दी एक्सप्रेस का इज्जतनगर मंडल के मझोला पकड़िया स्टेशन पर 26 फरवरी से प्रायोगिक आधार पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। इसकी वजह से 29 अप्रैल से टनकपुर, बनबसा, खटीमा स्टेशनों के आगमन और प्रस्थान के समय में बदलाव किया जाएगा।
12035 टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस 26 फरवरी से मझोला पकड़िया स्टेशन पर 11:59 बजे पहुंचकर 12:01 बजे छूटेगी और वापसी यात्रा में 12036 मझोला पकड़िया स्टेशन पर 14.50 बजे पहुंचकर 14.52 बजे छूटेगी। इसके अलावा 29 अप्रैल से 12035 टनकपुर से 11.20 बजे चलकर बनबसा से 11:31 बजे और खटीमा से 11:50 बजे छूटेगी। वापसी में 12036 टनकपुर स्टेशन पर 16.10 बजे पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: दून एक्सप्रेस और हावड़ा मेल समेत कई ट्रेनें 3 घंटे तक होंगी लेट, जानें वजह  |
|