आगरा: हाईवे पर ट्रकों द्वारा रौंदने के बाद महिला के क्षत-विक्षत शव को बैग में रखके बाद गाड़ी में रखते पुलिसकर्मी, सौजन्य इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की रात रोंगटे खड़े करने वाला हादसा हुआ। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज एक के सामने सैय्यद कट पर सड़क पार करती महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। महिला की मौके पर मौत हो गई, शव सड़क पर पड़ा रह गया।
रात के अंधेरे में पीछे से आते कई तेज रफ्तार ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गए। महिला के क्षत-विक्षत शव के कई टुकड़े हो गए। लगभग 45 वर्षीय महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टुकड़ों में क्षत-विक्षत शव को वहां से उठाया।
ट्रांस यमुना फेज एक पर सैय्यद कट पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर हुई थी मौत
घटना मंगलवार की रात 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि महिला हाईवे पार करके ट्रांस यमुना फेज एक से फेज दो की तरफ जा रही थी। सड़क के बीच में पहुंचने पर रामबाग से फिरोजाबाद की ओर जाते ट्रक ने महिला को रौंद दिया। ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
अंधेरे में सड़क पर पड़े शव को कई तेज रफ्तार कई ट्रकों ने कुचला
हादसा करने वाले ट्रक के पीछे कई तेज रफ्तार ट्रक आ रहे थे। वह भी एक के बाद एक महिला के शव को कुचलते निकल गए। यह देख राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए। महिला का शव क्षत-विक्षत हो गया। उसके कई टुकड़ों हो गए। कुछ राहगीरों ने हाईवे पर वाहनों को रुकवाया।
मरने वाली की पहचान नहीं
हादसे की सूचना पुलिस को दी।महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसा करने वाले ट्रक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- UP Weather: रजाई-कंबल हो गए पैक, लखनऊ-आगरा सहित कई जिलों में बढ़ेगा तापमान; यूपी में कानपुर सबसे गर्म  |