मकान से आ रही थी भयानक बदबू, ताला तोड़कर अंदर घुसी पुलिस तो बेड का नजारा देख कांप गए लोग
जागरण संवाददाता, मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की इंदिरानगर कालोनी के एक मकान में मंगलवार को एक युवक का कई दिन पुराना शव मिला। आसपास में बदबू फैलने से लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव दादरी निवासी रविंद्र जैन का परिवार गांव में ही रहता है। वह गांव में किराना की दुकान करते है। उनका एक मकान ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की इंदिरानगर कालोनी में है। रविंद्र जैन का 42 वर्षीय बेटा आशीष जैन अक्सर इस मकान में आता-जाता रहता था।
मकान में दो गेट है और एक गेट की चाबी पड़ोसी के घर में रहती है और गेट की चाबी आशीष अपने पास रखता था। मंगलवार शाम को रविंद्र जैन के मकान से आसपास के लोगों को बदबू आई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पड़ोसी के घर से चाबी लेकर मुख्य गेट खोलकर अंदर पहुंची। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर बैड पर आशीष का शव पड़ा हुआ था।
थाना प्रभारी राजेश कांबोज का कहना है कि शव करीब 8-10 दिन पुराना लग रहा है। कमरे से शराब की एक बोतल भी मिली है। स्वजन के अनुसार कोरोना के समय आशीष की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। तब से वह नशे का आदी हो गया था। आशीष की मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगी।  |
|