1.21 करोड़ से 96 सरकारी आवासों की दुरूस्त होगी वायरिंग।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जनपद में सरकारी आवासों की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत वायरिंग को दुरुस्त करने के लिए 1.21 करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के अंतर्गत कुल 96 आवासों में पुनः विद्युतीकरण कार्य कराया जाएगा। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में 41.09 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं, जिससे शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
योजना के तहत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आवासीय कालोनी समेत अन्य विभागीय भवनों की वर्षों पुरानी वायरिंग को बदला जाएगा। कई आवासों में शार्ट सर्किट और स्पार्किंग की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आग लगने की आशंका बनी रहती थी।
इसको लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से शासन को महराजगंज में पूल्ड हाउसिंग मुख्यालय पर स्थित टाइप- एक के 30 आवासों में पुनः विद्युतीकरण कराने के साथ ही पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में टाइप-एक के 15 तथा टाइप-दो के दो आवास के साथ ही पूल्ड हाउसिंग मुख्यालय पर टाइप-दो के 15, टाइप-तीन के 12 तथा टाइप-चार के छह आवासों की पुन: विद्युतीकरण को लेकर प्रस्ताव भेजा गया था।
इसके अतिरिक्त कोतवाली के सामने जिला मुख्यालय स्थित पूल्ड हाउसिंग परिसर में टाइप-तीन के 16 आवासों में भी पुनः विद्युतीकरण का कार्य प्रस्तावित है। जिसके क्रम में कुल 1.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है, इसके सापेक्ष 41.09 लाख रुपये प्रथम किस्त में जारी भी कर दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि निर्धारित बजट से पुराने तार, स्विच, बोर्ड एवं अन्य विद्युत उपकरणों को मानक के अनुरूप बदला जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद आवासों में रह रहे कर्मचारियों को सुरक्षित एवं बेहतर विद्युत सुविधा मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- अंगूठे ने दिया दगा, नहीं हो सकी 3.74 करोड़ के मकान की लिखापढ़ी, बायोमेट्रिक नहीं होने से रुक गई रजिस्ट्री
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बिजली कनेक्शन को लेकर क्या गड़बड़ी हुई? 7 इंजीनियर सस्पेंड, 24 बाबुओं को दिखाया जिले के बाहर का रास्ता  |
|