जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। भोजपुर पुलिस की सोमवार की मध्य रात्रि गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। गोतस्करों ने पुलिस टीम को देख फायरिंग की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोतस्कर कमर अली के पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जबकि छत तस्कर मौके से फरार हो गए। आरोपित गोकशी करने के इरादे से जंगल में घूम रहे थे। फरार तस्करों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सोमवार की देर रात भोजपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि भोजपुर क्षेत्र के जंगल में सात लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने पहुंचकर संदिग्धों को घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख गोतस्करों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
इसी दौरान एक तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भोजपुर निवासी कमर हसन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले भी गोकशी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, गोहत्या में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। जबकि छह तस्कर भाग गए। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।  |