दामोदर स्वरूप पार्क के पास बनायी जा रही है रोटरी पर लगाए जा रहे हैं घोड़े के क्षतिग्रस्त पंख। जागरण
जागरण संवाददाता, बरेली। स्मार्ट सिटी को बदहाल यातायात व्यवस्था से राहत दिलाने की बजाय प्रशासन शहर को एक और जाम प्वाइंट की सौगात देने जा रहा है। चौकी चौराहे के पास सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के पास एक रोटरी का निर्माण कराया जा रहा है। जो सड़क को और संकरी बना रहा है। विशेषज्ञ इसे नए जाम प्वाइंट के साथ दुर्घटनाओं को बढ़ावा देने वाला बता रहे हैं तो आमजन इसे स्काई वाक की तर्ज पर सरकारी धन की बर्बादी करार दे रहे हैं।
शहर के प्रमुख चौराहा चौकी चौराहा व सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के बीच जिला प्रशासन की ओर से 25 वर्गमीटर में रोटरी बनाई जा रही है। रोटरी पर प्रतीकात्मक रूप से सात उड़ते हुए घोड़े स्थापित किए जा रहे हैं और उसके मध्य अशोक चिह्र लगाया जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि सुंदरीकरण के नाम पर जिन घोड़ों को स्थापित किया जा रहा है, वह जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हैं।
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानो खानापूरी के लिए कहीं से उखाड़कर उन्हें यहां स्थापित कर दिया गया हो। अशोक की लाट भी क्षतिग्रस्त है। स्थानीय लोग शुरुआत से ही प्रशासन के फैसले का विरोध कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने तो जैसे तय कर लिया है कि इस व्यस्ततम मार्ग को और संकरा करके ही दम लेंगे। लोग इस योजना पर और अधिकारियों की मंशा पर ही प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं।
‘क्रिटिकल गैप्स’ योजना से हो रहा निर्माण
शासन ने हर जिले के डीएम के विवेकाधीन कोष के तहत क्रिटिकल गैप्स योजना संचालित की है। इस योजना के तहत जिले के विभिन्न विकास कार्यों के क्रिटिकल गैप्स की पूर्ति के लिए आवश्यकताओं की तात्कालिकता को देखते हुए धनराशि जारी की जाती है। सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के पास भी बन रही रोटरी क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत ही बन रहा है।
यह भी पढ़ें- बरेली-सीतापुर हाईवे पर अब AI का \“कड़ा पहरा\“: ओवरस्पीड या रॉन्ग साइड चले तो तुरंत जलेगी रेड लाइट, जानें नया नियम