राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जन भवन परिसर स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में ‘सुनीता विलियम्स विलेज वैज्ञानिक स्पेस लैब’ खुल गया है। साथ ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने परिसर से ‘स्पेस आन व्हील’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 12.50 लाख रुपये की लागत से व्योमिका फाउंडेशन, लखनऊ ने एचडीएफसी बैंक के सीएसआर फंड से इस लैब की स्थापना कराई है।
स्पेस आन व्हील वैन में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों को दर्शाने वाले एसएलवी, पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान-1, चंद्रयान-2 सहित विभिन्न प्रक्षेपण यानों के कार्यशील स्केल मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं।
राज्यपाल ने लैब का अनावरण कर निरीक्षण किया और विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विक्रम लूनर लैंडर, मंगलयान, टेलिस्कोप, ड्रोन, विमान मॉडल और मिनी रोबोट की प्रदर्शनी देखी।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, परिश्रम और शारीरिक व्यायाम के प्रति प्रेरित किया। कहा कि दृढ़ संकल्प और एकाग्रता से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। समय पालन पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि देर से आने वाले विद्यार्थियों को कक्षा में प्रवेश न दिया जाए।
स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद के निदेशक निलेश एम देसाई ने अंतरिक्ष विज्ञान पर प्रस्तुति दी और बच्चों से विज्ञान-गणित का डर छोड़कर प्रयोगात्मक शिक्षा अपनाने का आह्वान किया। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत सहित अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।  |