नमो भारत के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पार्किंग सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत कॉरिडोर पर पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पार्किंग सुविधा भी शुरू कर दी गई है। एनसीआरटीसी ने सोमवार को इसके लिए किराया सूची जारी की। दिल्ली के स्टेशनों पर छह घंटे तक साइकिल पार्क करने के लिए पांच रुपये, बाइक के लिए 20 और कार या एसयूवी के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।
इसके अलावा 16 घंटों से परिचालन समय तक के दुपहिया वाहनों के 50 रुपये व कार या एसयूवी के लिए 100 रुपये की दर तय की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में सभी स्टेशनों पर छह घंटे तक साइकिल के लिए पांच रुपये, बाइक के लिए 10 रुपये और कार या एसयूवी के लिए 30 रुपये लगेंगे। छह से 12 घंटे के लिए बाइक के 25 रुपये और कार या एसयूवी के 60 रुपये लगेंगे।
इसके अलावा नमो भारत कनेक्ट ऐप पर रियल टाइम पार्किंग उपलब्धता के बारे में जानकारी भी मिल जाती है। वहीं एनसीआरटीसी ने दिल्ली से मेरठ तक सभी नमो भारत स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी विकल्प प्रदान करने के लिए किराये पर दोपहिया वाहन, साइकिल और फीडर बस, कैब और आटोरिक्शा सहित कई तरह के विभिन्न मोबिलिटी विकल्प प्रदान करने के लिए भागीदारी की है।
नमो भारत कनेक्ट ऐप पर यात्रियों को और अधिक सुविधा व आरामदायक बनाने हेतु कई नए फीचर हैं। जैसे लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, लास्ट माइल कनेक्टिविटी विकल्प, स्टेशन सुविधाएं स्टेशन नेविगेशन, खोया पाया आदि।
यह भी पढ़ें- पत्नी से अवैध संबंध के शक में दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने ED कर्मचारी की गोली मारकर की हत्या  |