22,581 घर वरिष्ठ नागरिकों को आवंटित किए गए हैं
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (पीएमएवाई-यू 2.0) के तहत लगभग 2.88 लाख और घरों को बनाने के प्रस्ताव को सोमवार को मंजूरी दे दी।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 2,87,618 घरों की नवीनतम मंजूरी दी। इनमें से 1.60 लाख से अधिक घर महिलाओं को आवंटित किए गए हैं। आठ घर ट्रांसजेंडर के लिए स्वीकृत की गई हैं। 22,581 घर वरिष्ठ नागरिकों को आवंटित किए गए हैं।
35,525 घर एससी के लाभार्थियों के लिए स्वीकृत किए गए हैं, 9,773 एसटी के लिए और 82,190 ओबीसी के लाभार्थियों के लिए हैं। इसी के साथ पीएमएवाई-यू 2.0 के तहत स्वीकृत घरों की कुल संख्या 13.61 लाख को पार कर गई है।
यह निर्णय मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास कटिकीथला की अध्यक्षता में केंद्रीय स्वीकृति और निगरानी समिति की बैठक में लिया गया। बयान के अनुसार नए घर 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न श्रेणियों के तहत बनाए जाएंगे।
इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बंगाल शामिल हैं। लाभार्थी आधारित निर्माण के तहत 1.66 लाख घर, भागीदारी में किफायती आवास के तहत 1.09 लाख घर और किफायती किराये के आवास के तहत 12,846 घर बनाए जाएंगे।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़, पुडुचेरी और राजस्थान में आधुनिक, लागत-कुशल निर्माण तकनीकों को प्रदर्शित करने के लिए तीन \“डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट्स\“ (डीएचपी) को भी मंजूरी दी गई, जिसमें प्रत्येक परियोजना में 40 आवास इकाइयां शामिल हैं।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)  |