कौशांबी में विजिलेंस टीम सदस्य की गिरफ्त में रिश्वत लेने वाला लेखपाल।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। विजिलेंस लखनऊ की टीम ने सोमवार दोपहर पश्चिम शरीरा क्षेत्र के चंपहा बाजार में लेखपाल को एक व्यक्ति से 10 हजार घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। विजिलेंस टीम ने नाटकीय अंदाज में लेखपाल को रंगेहाथ पकड़ा। इस दौरान वहां खलबली मची रही।
हैसियत प्रमाणपत्र बनवाने में मांगी थी रिश्वत
बताया जाता है कि चंपहा निवासी भोलानाथ जायसवाल को हैसियत प्रमाणपत्र बनवाना था। इसके लिए बनी और सिंघवल गांव में तैनात लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य से उसकी बातचीत चल रही थी। आरोप है कि लेखपाल ने उससे 10 हजार की मांग की।
भुक्तभोगी ने विजिलेंस में की थी शिकायत
हैसियत प्रमाणपत्र बनवाने में लेखपाल द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने के बाद भुक्तभोगी भोलानाथ जायसवाल ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की। जांच-पड़ताल के बाद रिश्वत की बात सही मिलने के बाद लखनऊ विजिलेंस टीम ने लेखपाल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
एसडीएम बोले- निलंबन की होगी कार्रवाई
सोमवार की दोपहर में भोलानाथ जायसवाल ने तय स्थान पर लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य को 10 हजार दे रहा था, तभी वहां मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे धर दबोचा। एसडीएम सदर एसपी वर्मा का कहना है कि लेखपाल के घूस लेते हुए पकड़े जाने की जानकारी उन्हें हुई है, निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। |
|