search

हरियाणा में ग्रुप-डी पदों के CET के लिए जल्द खुलेगा पोर्टल, लाखों युवाओं का इंतजार खत्म! अगले सप्ताह जारी होगा शेड्यूल

cy520520 2026-2-23 17:26:25 views 1090
  

ग्रुप-डी पदों के CET के लिए जल्द खुलेगा पोर्टल। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप डी) पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का इंतजार कर रहे युवाओं को जल्दी ही अच्छी खबर मिलने वाली है। प्रदेश सरकार ने चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों के लिए सीईटी कराने का निर्णय ले लिया है।

जरूरी औपचारिकताएं पूरी करते ही अगले सप्ताह तक आवेदन करने के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रुप डी की भर्तियों के नियमों में संशोधन किया जा चुका है। अब सरकार की तरफ से आयोग को अमेंडमेंट नोटिफिकेशन भी दे दी गई है।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने खुद इंटरनेट मीडिया अकाउंट फेसबुक पर यह जानकारी साझा करते हुए युवाओं को आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने आह्वान किया है। हरियाणा में 15 लाख से अधिक युवा चतुर्थ श्रेणी पदों के सीईटी के लिए इंतजार में हैं।
युवाओं को बेसब्री से इंतजार

प्रदेश सरकार ने हर साल सीईटी कराने की घोषणा की हुई है, लेकिन पिछले चार वर्षों में केवल दो बार सीईटी हो सका है। ग्रुप डी के लिए आखिरी बार सीईटी वर्ष 2023 में हुआ था, जबकि तृतीय श्रेणी पदों के लिए सीईटी पिछले साल आयोजित किया गया था, जिसका परिणाम भी दिसंबर में घोषित किया जा चुका है। तभी से युवा बेसब्री से चतुर्थ श्रेणी पदों के सीईटी का इंतजार कर रहे हैं।

एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोमवार को इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर लिखा कि विगत काफी दिनों से अभ्यर्थियों द्वारा सीईटी ग्रुप डी परीक्षा को लेकर लगातार अनुरोध प्राप्त हो रहे थे। उन सभी अभ्यर्थियों को यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि उनका इंतजार अब जल्द ही समाप्त होने जा रहा है।

आयोग सीईटी ग्रुप डी का आवेदन पोर्टल खोलने हेतु अमेंडमेंट नोटिफिकेशन की प्रतीक्षा कर रहा था, जो कि अब आयोग को प्राप्त हो चुकी है। बहुत जल्द ही आवेदन पोर्टल खोल दिया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व अपने सभी आवश्यक सर्टिफिकेट्स/दस्तावेज तैयार रखें।

आवेदन फार्म स्वयं भरें और किसी अन्य पर निर्भर न रहें। फार्म को सावधानीपूर्वक भरें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न करें। फार्म भरने के पश्चात प्रिंट आउट को ध्यानपूर्वक अवश्य पढ़ें।
सामाजिक-आर्थिक आधार के अंक नहीं मिलेंगे

चतुर्थ श्रेणी भर्तियां अब सीईटी अंकों के आधार पर होंगी। सामाजिक-आर्थिक आधार पर अतिरिक्त अंकों को खत्म कर दिया गया है। जिन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं से कम निर्धारित है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी पदों पर चयन सीईटी में प्राप्त अंकों पर आधारित रहेगा।

प्रदेश सरकार ने ग्रुप ‘डी’ कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा मेरिट आधारित बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण संशोधन किया है। नई व्यवस्था के तहत सामान्य पात्रता परीक्षा का कुल स्कोर 100 प्रतिशत सीईटी अंकों पर आधारित होगा।

सीईटी में 75 प्रतिशत सवाल सामान्य जागरुकता, तर्कशक्ति, मात्रात्मक योग्यता, अंग्रेजी, हिंदी तथा संबंधित विषय से पूछे जाएंगे। बाकी 25 प्रतिशत सवाल हरियाणा के इतिहास, वर्तमान घटनाएं, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण, संस्कृति से जुड़े होंगे। ग्रुप डी के लिए प्रश्न पत्र का लेवल मैट्रिक स्तर का होगा।
12 हजार पदों पर चल रही भर्ती

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने विभिन्न श्रेणियों में 12 हजार पदों के लिए भर्ती निकाली हुई है। इसके अलावा जल्द ही दस हजार और पदों के लिए भर्ती शुरू होगी। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि तृतीय श्रेणी पदों के लिए 13.47 लाख युवाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 92 प्रतिशत ने परीक्षा दी।

इनमें से 8.12 लाख युवा पास हुए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब सीईटी के रिजल्ट के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को किसी लिटिगेशन (कानूनी कार्रवाई) का सामना नहीं करना पड़ा।

इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह की कार्यप्रणाली की सराहना की है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164725