कौशांबी में कड़ा के कालेश्वर घाट पर मधुमखियों के हमले से बचने का प्रयास करते श्रद्धालुजन।
जागरण संवाददाता, कड़ा (कौशांबी)। थाना क्षेत्र के कालेश्वर घाट पर सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे गंगा स्नान कर रहे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। देखते ही देखते घाट पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। इस दौरान कई श्रद्धालु मधुमक्खियों के डंक का शिकार हुए। इनमें एक किशोरी और वृद्धा की गंभीर हालत देख उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
सोमवार के मेले में जुटे थे श्रद्धालु
प्रत्येक सोमवार को कड़ा धाम में मेला भी लगता है। विभिन्न जनपदों से श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन के लिए आते हैं। दर्शन से पहले कालेश्वर घाट पर गंगा स्नान करते हैं। इसी दौरान यह अप्रत्याशित घटना हुई। मधुमक्खियों का झुंड श्रद्धालुओ पर टूट पड़ा।
प्रतापगढ़ की नेहा व मनोरमा गंभीर डंक
मधुमक्खियों से यहां आईं प्रतापगढ़ शहर निवासी 14 वर्षीय स्नेहा सिंह बुरी तरह घिरी रही। उनके बचाने के प्रयास में 75 वर्षीय मनोरमा देवी भी डंक से घायल हो गईं। दोनों को काफी संख्या में डंक लगे और स्नेहा अचेत हो गई। इस घटना से घाट पर हड़कंप मच गया और कई श्रद्धालु बिना स्नान किए ही वहां से चले गए।
सीएचसी अधीक्षक बोले- दोनों की हालत सामान्य
मधुमक्खियों के हमले के कारण श्रद्धालुओं में दहशत का भी माहौल कायम हो गया। आस-पास मौजूद लोंगों ने स्नेहा और मनोरमा देवी को सीएचसी इस्माइलपुर ले गए। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सऊद ने बताया कि प्राथमिक उपचार और दवा देने के बाद दोनों की हालत सामान्य है।
यह भी पढ़ें- 50 लाख से अधिक की संपत्ति पर मात्र 10 हजार रुपये ही नामांतरण शुल्क देना होगा, प्रयागराज में लागू करने की है तैयारी
यह भी पढ़ें- प्रयागराज हमसफर में बजबजाता टायलेट, स्पेशल ट्रेन में मच्छरों से यात्री परेशान और आरक्षित कोचों पर \“बेटिकटों\“ का कब्जा |
|