जमीन विवाद में पुलिस से हाथापाई।
संवाद सूत्र, मईल। जमीन के सीमांकन को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस से हाथापाई तक पहुंच गया। थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई गांव के मामले में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार चकरा गोसाई निवासी गणेश गिरी पुत्र स्वर्गीय ओंकार गिरी, जो ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हैं। पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दीनानाथ तिवारी के परिवार के लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसी को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
बताया जाता है कि दीनानाथ तिवारी अपने जमीन की साफ-सफाई और निर्माण की तैयारी के लिए मजदूर लगाए हुए थे। इस दौरान चौकी प्रभारी ने उन्हें कार्य रोकने को कहा।
आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए तिवारी परिवार के लोग शोर-शराबा करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस से नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के बीच दरोगा ने दीनानाथ तिवारी की गर्दन पकड़कर पीछे धकेला, जिस पर तिवारी ने हाथ में ईंट लेकर दरोगा पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया और बड़ा हादसा टल गया।
मामले में मईल पुलिस ने गणेश गिरी की तहरीर के आधार पर दीनानाथ तिवारी पुत्र स्वर्गीय रामदेनी तिवारी, मिथिलेश तिवारी पुत्र दीनानाथ तिवारी, अखिलेश तिवारी पुत्र दीनानाथ तिवारी, मिथिलेश तिवारी की पत्नी, अखिलेश तिवारी की पत्नी तथा पांच-छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- मेरा पति सिर्फ मेरा है...वह पति से बात करती थी, इसलिए गला कसकर मार डाला, चाची-भतीजा प्रतापगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आए |