LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 836
दो दिन में बदला मौसम का मिजाज, घनी धुंध से बढ़ी ठंड और हादसों की आशंका।
जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला में पिछले दो दिनों से मौसम में आए बदलाव ने एक बार फिर ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। सुबह के समय घनी धुंध छाने से आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दृश्यता कम होने के कारण सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार और रविवार को तापमान में बदलाव दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट देखने को मिली। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और देर शाम ठंडी हवा व धुंध के कारण सर्दी का प्रभाव बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में धुंध का असर अधिक देखने को मिल रहा है। किसान भी मौसम के इस बदलाव पर नजर बनाए हुए हैं।
धुंध में सड़क पार करते समय बुजुर्ग की मौत
ओढ़ां क्षेत्र के गांव मिठड़ी में रविवार सुबह घनी धुंध के कारण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 70 वर्षीय रुपेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। स्वजन के अनुसार रुपेश्वर शर्मा रोजाना सुबह करीब सात बजे गुरुद्वारे के पास स्थित दुकान से अखबार लेने जाते थे। रविवार को भी वह अखबार लेने निकले थे। इसी दौरान जब वह सड़क पार कर रहे थे तो डबवाली से सिरसा की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओढ़ां लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राजेंद्र गोदारा ने मृतक के पुत्र दीपक कुमार के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। |
|