Birgunj Riot News: मारपीट और पथराव के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। Indo Nepal Border Tension: नेपाल में आम चुनाव से ठीक पहले हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। भारत-नेपाल सीमा से सटे पर्सा जिला के वीरगंज महानगरपालिका अंतर्गत श्रीपुर इलाके में रविवार देर शाम दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की भारी तैनाती की गई है। प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक समूह ने पुलिस घेरा तोड़ने की कोशिश की, जिस पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल हालात काबू में हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है।
सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में दो गिरफ्तार
वीरगंज पुलिस ने श्रीपुर वार्ड नंबर-11 से दो युवकों को सामाजिक सद्भाव भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के सूचना अधिकारी डीएसपी हरिबहादुर बस्नेत के अनुसार, मस्जिद के पास खड़े स्थानीय युवकों के साथ बिना कारण मारपीट की गई, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हुई। अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मुख्य आरोपित फरार, चार घायल
इस घटना में चार युवक ललन महतो, अमर महतो, धीरज साह समेत अन्य घायल हुए हैं, जिनका इलाज वीरगंज स्थित नारायणी अस्पताल में चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपित के तौर पर सामने आए एक राजनीतिक नेता की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
रौतहट में भी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
इधर, मधेश प्रदेश के रौतहट जिला अंतर्गत गौर नगरपालिका के सबगढ़ा गांव में भी दो समुदायों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुई बहस पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ में बदल गई। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी आग के हवाले कर दिया।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने गौर नगरपालिका क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। अगले आदेश तक सभा, जुलूस, रैली, धरना और नारेबाजी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।
सीमा पर सख्ती, आवागमन नियंत्रित
तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर बैरगनिया–गौर सीमा पर तैनात एसएसबी ने बैरियर गिराकर आवागमन नियंत्रित कर दिया है। नेपाल के नागरिकों को नेपाल लौटने और भारत के नागरिकों को भारत आने की अनुमति दी जा रही है। बीमार और आपातकालीन मामलों में विशेष छूट दी गई है।
नेपाल में चुनाव की पृष्ठभूमि
नेपाल में प्रतिनिधि सभा के आम चुनाव 5 मार्च 2026 को प्रस्तावित हैं। आधिकारिक प्रचार 16 फरवरी से शुरू होकर 2 मार्च की मध्यरात्रि तक चलेगा। चुनाव से पहले सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में बढ़ते तनाव ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। |