भारतीय रेल : भागलपुर दुमका रेल खंड।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पूर्व रेलवे के मुख्यालय से मिली मंजूरी के बाद भागलपुर-दुमका और गोड्डा रेलखंड के तीन ठहरावों को अब स्टेशन का दर्जा दिया जाएगा। इनमें गोनूधाम हाल्ट, पंजवारा रोड और गंगवारा हाल्ट शामिल हैं। स्टेशन बनने के बाद इन जगहों पर कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
मालदा मंडल ने पिछले साल एक सर्वे कराया था, जिसमें ट्रेनों के बेहतर संचालन और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए स्टेशनों को विकसित करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद मंडल से प्रस्ताव पूर्व रेलवे के कोलकाता मुख्यालय को भेजा गया, जहां से मंजूरी मिल गई है। यह कार्य गतिशक्ति योजना के तहत किया जाएगा। वर्तमान में इन तीन जगहों पर केवल ट्रेनों का ठहराव होता है, कर्मचारी तैनात नहीं हैं।
जगदीशपुर में नया टर्मिनल स्टेशन
भागलपुर जंक्शन से 14.40 किलोमीटर दूर स्थित जगदीशपुर में नया टर्मिनल स्टेशन बनाया जाएगा। यह स्टेशन भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट रेललाइन के दोहरीकरण से जुड़ा है, जिसपर लगभग 3,169 करोड़ रुपये खर्च होंगे। भू-अर्जन की कार्रवाई जारी है और दोहरीकरण कार्य जल्द शुरू करने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने पहल की है।
जगदीशपुर टर्मिनल में तीन यात्री प्लेटफार्म, दो फुटओवर ब्रिज (एफओबी), सर्विस बिल्डिंग और सर्कुलेटिंग एरिया, चार लूप लाइन, दो गुड्स लाइन, पांच स्टेबलिंग लाइन, दो शंटिंग नेक, दो रेक ट्रांसफर लाइन, दो सिक लाइन और तीन पिट लाइन बनाई जाएंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भागलपुर–हंसडीहा–दुमका रेलखंड पर स्थित जगदीशपुर हाल्ट को न्यू भागलपुर टर्मिनल स्टेशन में विकसित किया जाएगा। इस टर्मिनल में प्लेटफार्म शेड और क्विक वाटरिंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मौजूदा भागलपुर स्टेशन का विकास
नए टर्मिनल के निर्माण के साथ ही मौजूदा भागलपुर स्टेशन को भी अपग्रेड किया जाएगा। स्टेशन को मल्टीस्टोरी बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 481.60 करोड़ रुपये है। यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के परिचालन क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा।
नई रेललाइन और यात्री सुविधा
इसके अलावा, पीरपैंती-गोड्डा के बीच नई रेललाइन बिछाई जाएगी। इस दिशा में भी रेलवे प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। नए स्टेशनों और टर्मिनल के बनने के बाद रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रेनों की गति में सुधार होगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नई योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था और परिवहन प्रणाली को मजबूती मिलेगी। स्टेशन बनने पर कर्मचारियों की नियुक्ति और यात्री सुविधा केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। |