अलकबीर पोलीटेक्निक कॉलेज में वोट डालने के लिए कतार में खड़ी महिलाएं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । जमशेदपुर निकाय चुनाव के तहत आज सुबह से ही सभी बूथों पर मतदाताओं का भारी हुजूम देखा जा रहा है। शहर के लगभग सभी मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं।
प्रक्रिया की जटिलता और लंबी कतारें हालांकि, मतदान की प्रक्रिया थोड़ी धीमी होने के कारण लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। बूथों पर भीड़ बढ़ने का मुख्य कारण मतदान की विस्तृत प्रक्रिया को माना जा रहा है। मतदान केंद्र के भीतर पहुंचने पर सबसे पहले मतदाता के नाम का मिलान मतदाता सूची से किया जा रहा है। इसके पश्चात, मतदाताओं से दो अलग-अलग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाताओं को मतपत्र (पर्चा) दिया जा रहा है, जिसमें उन्हें वार्ड पार्षद और मेयर के पद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना है।
जुगसलाई में दिखा उत्साह: सुबह से ही डटे मतदाता चुनाव अधिकारियों के अनुसार, मतपत्र पर मुहर लगाने के बाद उसे सही तरीके से मोड़ना अनिवार्य है। यदि पर्चा गलत तरीके से मोड़ा गया, तो स्याही दूसरे प्रत्याशी के कॉलम में लग सकती है, जिससे वोट अवैध होने का खतरा रहता है। इस पूरी सावधानीपूर्ण प्रक्रिया में समय लग रहा है, जिससे बाहर कतारें बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्रीय आधार पर देखा जाए तो जुगसलाई के अधिकतर बूथों पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक देखी जा रही है। सुबह की नमाज अदा करने के बाद बड़ी संख्या में मतदाता सीधे बूथों पर पहुंचे। मतदाताओं का कहना है कि वे धूप और गर्मी बढ़ने से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग कर घर वापस लौटना चाहते हैं।
मानगो चेपापुल के पास मतदान के लिए कतार में खड़ीं महिला मतदाता।
बूथ संख्या 18 पर हंगामा, पुलिस की सख्त चेतावनी मतदान के बीच कुछ जगहों पर छिटपुट तनाव की खबरें भी सामने आईं। वार्ड नंबर 18 स्थित आर. पी. पटेल स्कूल के बूथ पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब पीठासीन पदाधिकारी ने सुरक्षा बलों से शिकायत की। शिकायत के अनुसार, कुछ लोग बूथ के भीतर हंगामा कर रहे थे और दूसरे दल के कार्यकर्ताओं की संख्या को लेकर विरोध जता रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि शांतिपूर्ण प्रक्रिया में बाधा डाली गई, तो संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया जाएगा। मौके पर मौजूद एक कार्यकर्ता द्वारा मोबाइल का उपयोग किए जाने पर भी पुलिस ने कड़ी आपत्ति जताई और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
जुगसलाई आरपी पटेल हाईस्कूल में मौजूद सिटी एसपी कुमार शिवाशीष। |