फायर ब्रिगेड के IG सुनील नायक को गिरफ्तार करने पहुंची आंध्र पुलिस
जागरण संवाददाता, पटना। सोमवार सुबह आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम पटना पहुंची। टीम ने शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित आईजी सुनील कुमार नायक के सरकारी आवास पर दस्तक दी। काफी देर तक अंदर अधिकारियों के बीच बातचीत और दस्तावेजों की जांच होती रही। स्थानीय पुलिस और सचिवालय एसडीपीओ भी मौके पर मौजूद रहे।
हत्या के प्रयास का मामला, ट्रांजिट रिमांड की तैयारी
आईजी सुनील कुमार नायक के खिलाफ IPC की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत केस दर्ज है। आंध्र पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राज्य ले जाने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि उनकी जमानत रद्द होने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज हुई। फिलहाल उन्हें आवास के अंदर एक कमरे में रखा गया है और निगरानी की जा रही है।
पूर्व सांसद रघुराम कृष्णा राजू से जुड़ा विवाद
यह मामला आंध्र प्रदेश के नरसापुरम से पूर्व सांसद रघुराम कृष्णा राजू से जुड़ा है। वर्ष 2021 में, जब सुनील नायक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर आंध्र प्रदेश के CID में तैनात थे, तब राजू की गिरफ्तारी हुई थी।
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। कोर्ट के आदेश पर इस संबंध में केस दर्ज किया गया था।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और आरोपों की गूंज
पूर्व सांसद का आरोप है कि तत्कालीन सरकार की आलोचना करने पर उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि ओपन हार्ट सर्जरी के बाद भी उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया।
साल 2023 में पूर्व मुख्यमंत्री और दो आईपीएस अधिकारियों समेत पांच लोगों पर साजिश का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई गई। मामले ने आंध्र और बिहार, दोनों राज्यों के प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
2005 बैच के आईपीएस, फिलहाल बिहार में तैनात
आईपीएस एम. सुनील नायक 2005 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं। वर्ष 2019 में वे प्रतिनियुक्ति पर आंध्र प्रदेश गए थे और तीन साल वहां रहे।
वर्ष 2024 में सरकार बदलने के बाद वे वापस बिहार लौट आए और अग्निशमन विभाग में आईजी बने। अब उनकी गिरफ्तारी को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।
यह भी पढ़ें- हथकड़ी, कोर्ट कैंपस और जेल कनेक्शन: चंदन मिश्रा हत्याकांड के आरोपी की ‘शूटर स्टाइल’ रील से खुली चुनौती! |