प्रतीकात्मक तस्वीर
संवाद सूत्र, जागरण आगरा। यमुना पार स्थित खेतों तक पहुंचने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे नूरपुर, तनौरा, कबीस, नगला बिंदू और मेहरा नाहरगंज के किसानों के लिए राहत की खबर है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से नूरपुर-तनौरा मार्ग पर पहली बार पैंटून पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अब तक यहां कोई पुल नहीं होने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इन गांवों की अधिकतर कृषि भूमि यमुना नदी के दूसरी ओर स्थित है। किसानों को खेतों तक पहुंचने के लिए अस्थायी साधनों से नदी पार करनी पड़ती थी। लंबा चक्कर लगाकर आगरा व एत्मादपुर होकर जाना पड़ता था। बोआई और कटाई के समय ट्रैक्टर व कृषि उपकरण ले जाने में हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था।
कई बार एक तरफ का किराया ही तीन हजार रुपये तक देना पड़ता था, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती थी। हालांकि पैंटून पुल अस्थायी होगा। वर्षा के दौरान यमुना का जलस्तर बढ़ने पर लोक निर्माण विभाग द्वारा इसे बंद कर जाएगा। ऐसे में चार से पांच महीने तक किसानों को आगरा-एत्मादपुर होकर ही खेतों तक जाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- फेरों के तुरंत बाद इंटरव्यू देने पहुंची दुल्हन, दूल्हा बोला- सपना पूरा करने में साथ खड़े रहेंगे |