LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 470
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दूसरे दिन सोमवार से प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। विधानसभा में सोमवार से ही राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा से शुरू हो जाएगी। शून्य काल में विधायक घनश्याम दास की तरफ से राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा।
भाजपा विधायक कपूर सिंह इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। इसके बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। कांग्रेस की ओर से अशोक अरोड़ा इस प्रस्ताव पर चर्चा आरंभ करेंगे। विधायकों द्वारा प्रश्नकाल में कई मुद्दों पर सरकार को असहज किया जा सकता है। विधायकों के सवालों का जवाब देने के लिए राज्य सरकार के मंत्रियों ने पूरी तैयारी की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बजट सत्र की कार्यवाही आरंभ होने से पहले अपनी सरकार के मंत्रियों के साथ औपचारिक मीटिंग करेंगे, जिसमें कांग्रेस विधायकों द्वारा हंगामा किए जाने की स्थिति से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी।
सदन में नूंह के कांग्रेस विधायक आफताब अहमद द्वारा गुरुग्राम, फरीदाबाद जिलों में उन अस्पतालों की रिपोर्ट मांगी जाएगी जिन्हें सरकार की तरफ से रियायती दरों पर जमीन उपलब्ध करवाई गई है।
इसके लिए इन अस्पतालों द्वारा गरीब मरीजों के मुफ्त उपचार के संबंध में भी सरकार से जवाब मांगा गया है। यह मुद्दा जहां नूंह के विधायक द्वारा उठाया जाएगा, वहीं दक्षिण हरियाणा के अटेली से विधायक स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव इसका जवाब देंगी।
कलायत के कांग्रेस विधायक विकास सहारन द्वारा अपने हलके में नशीले पदार्थों की बिक्री तथा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में रिपोर्ट मांगते हुए युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताई जाएगी।
सोनीपत के भाजपा विधायक निखिल मदान ने राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 44 के अंतर्गत सोनीपत में ट्रामा सेंटर बनाने को लेकर सरकार की योजना के बारे में पूछा है। यह मामला भी आरती सिंह राव के विभाग से जुड़ा है। करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार करनाल में विश्राम गृह निर्माण पर सरकार से रिपोर्ट मांगेगे।
झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल सोमवार को विधानसभा में आक्रामक नजर आएंगी। उन्होंने अपने हलके के 10 गांवों के नाम विधानसभा में रखते हुए सडक़ों की खस्ताहालत पर सरकार से जवाब मांगा है। गीता भुक्कल पहले भी सदन में अपने हलके की सडक़ों के फोटो लेकर आती रही हैं।
सढौरा की कांग्रेस विधायक रेनु बाला सोमवार को सदन में अनुसूचित जाति कर्मचारियों की आवाज बनती दिखेंगी। उन्होंने एससी कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण नीति पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। संभ्वत सरकार इस बारे में अपनी रिपोर्ट सदन में रखे।
कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला सरकार को खिलाडिय़ों के मुद्दे पर घेरते हुए नजर आएंगे। सुरजेवाला ने वर्ष 2019 से लेकर अब तक नकद पुरस्कार योजना तथा स्कालरशिप योजना के अंतर्गत पात्र एथलीटों तथा प्रशिक्षकों के आवेदनों पर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।
कैथल में एसडीएम को झुनझुना थमाने के बाद पुलिस जांच का सामना कर रहे विधायक देवेंद्र हंस भी अपने हलके की सडक़ों का मुद्दा सदन में उठाएंगे। इसी मुद्दे पर उनका अपने क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विवाद चल रहा है। |
|