search

पांढुर्णा में आधी रात डकैतों का तांडव, पांच घरों से लाखों की लूट

LHC0088 3 hour(s) ago views 902
  

पांढुर्णा में डकैतों का तांडव



डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पांढुर्णा नगर के दो रिहायशी इलाकों में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्जन से अधिक नकाबपोश डकैतों ने पांच घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली। वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रात 1:30 से 2:45 बजे के बीच वारदात

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे से 2:45 बजे के बीच की है। डकैतों ने नगर के सांई धाम कॉलोनी और संतोषी माता वार्ड स्थित पांच घरों को निशाना बनाया। हथियारबंद बदमाशों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड के साथ घरों में घुसकर सो रहे लोगों को बंधक बना लिया।
इन परिवारों को बनाया निशाना

संतोषी माता वार्ड निवासी कंचन पति सुनील कौशिक, सुनील पिता नेमालाल यदुवंशी तथा सांई धाम कॉलोनी निवासी अमित पिता शिवलाल डोंगरे और संदीप नरोलिया के घरों में डकैतों ने लूटपाट की। बदमाशों ने घरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और नगद राशि पर हाथ साफ कर दिया।

डकैतों की संख्या अधिक और उनके हथियारबंद होने के कारण परिवार के लोग भयभीत हो गए। बताया जा रहा है कि डकैतों के फरार होने के करीब आधे घंटे बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने की घेराबंदी, सीसीटीवी खंगाले

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिला मुख्यालय में दहशत

नगर जिला मुख्यालय के रिहायशी क्षेत्र में एक साथ पांच घरों में डकैती की घटना से शहरवासियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें और घरों में सीसीटीवी व सुरक्षा उपाय मजबूत रखें।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164089