दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, अनुगुल। झारसुगुड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार तड़के यह हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना के ठीक सामने उस समय हुआ, जब पुलिस की पीसीआर वैन (बोलेरो) और एक तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई।
परखच्चे उड़े, मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांच पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल तीन जवानों को तुरंत जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मृतकों की हुई पहचान
शहीद हुए पुलिसकर्मियों में ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, हवलदार लिंगराज धुरुआ, एआर के काशीराम भोई व देबदत्त सा और होमगार्ड भक्रबंधु मिर्धा शामिल हैं। ये सभी ड्यूटी पर तैनात थे जब सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
जांच में जुटा प्रशासन
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि पुलिस ने घातक ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक ने PCR वैन को मारी टक्कर; 5 पुलिसकर्मियों की मौत |
|