डीएम ने शिकायतकर्ता को फोन कर लिया फीडबैक। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, महराजगंज। \“हैलो, मैं डीएम महराजगंज बोल रहा हूं… आपकी शिकायत का निस्तारण हो गया?\“ बुधवार को यह काल जैसे ही शिकायतकर्ताओं के मोबाइल पर पहुंची, वे कुछ क्षण के लिए चौंक गए।
दरअसल, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बीते सात फरवरी को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्वयं फोन कर फीडबैक लिया। सबसे पहले ग्राम बहादुरी निवासी संजय कुमार जायसवाल को फोन किया गया।
डीएम ने पूछा कि भूमि पैमाइश संबंधी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई। संजय कुमार ने बताया कि लेखपाल द्वारा पैमाइश कर दी गई है और समस्या का समाधान हो गया है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अक्षय कुमार पुत्र मल्लू, निवासी कानापार उर्फ रामनगर को फोन मिलाया। खतौनी में नाम संशोधन के आवेदन की स्थिति पूछी गई।
अक्षय कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन ने उनका नाम संशोधन कर दिया है। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही न बरती जाए और हर प्रकरण का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें- यूपी में बिजली 84170 उपभोक्ताओं के खिलाफ जारी होगी RC, बिजली बिल न जमा करने पर होगी कार्रवाई
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड से पिता का नाम गलत होने से फार्मर रजिस्ट्री में आ रही समस्या, किसान लगा रहे चक्कर |