कलक्ट्रेट में अधिकारियों संग बैठक डीएम अविनाश सिंह
जागरण संवाददाता, बरेली। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के कार्यों की शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने समीक्षा की। बैठक में महिला और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए सभी विभागों के कर्मियों और डिग्री कालेज व इंटर कालेज के प्रतिनिधियों से फार्म भरवाए जाने की रणनीति तैयार की गई।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि 22 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन दावे आपत्ति, नोटिस सुनवाई के अतिरिक्त 18 वर्ष कि आयु पूर्ण करने वालों के अधिक से अधिक संख्या में महिला एवं युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने को फार्म-6 भरवाए जाएंगे।
उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ से कहा कि वह सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को 22 फरवरी को एक जनवरी 2026 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वालों के फार्म 06 भरवाने के निर्देश दें। रविवार को सभी नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा 118-बहेड़ी, 119-मीरगंज, 120-भोजीपुरा, 121-नवाबगंज, 122-फरीदपुर, 123-बिथरी चैनपुर, 124-बरेली, 125-बरेली कैंट व 126-आंवला के सभी 3835 बूथ पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) सुबह 10.30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाएंगे।
वह 06 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के साथ जिनके नाम मृतक/स्थानांतरित/अनुपस्थित/दोहरी प्रविष्टि/गणना प्रपत्र हस्ताक्षर कर बीएलओ को वापस न देने के कारण आलेख्य मतदाता सूची से कट गए हैं, उनके नामों की सूची को पढ़कर सुनाएंगे। नामों का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ के पास फार्म 6, 7 एवं फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
जो व्यक्ति एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अतिरिक्त एक अप्रैल, 2026, एक जुलाई, 2026 व एक अक्टूबर, 2026 को अर्ह हो रहे है, अर्थात कोई पात्र व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गया है, तो ऐसे व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 के साथ (अनुलग्नक-अ) भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं।
उक्त विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी नौ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रभावी भ्रमण करेंगे एवं अपने समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों की उनके क्षेत्र में उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे। जनसामान्य की सुविधा को जनपद के सभी 1941 मतदान केंद्रों पर बनायी गयी मतदाता हेल्पडेस्क को सक्रिय रखने के निर्देश डीएम ने दिए।
मतदाता हेल्पलाइन 0581-1950 पर संपर्क भी कर सकते हैं। बैठक में अपर जिलधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित समस्त ईआरओ व एईआरओ, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष व विभिन्न डिग्री/इंटर कालेजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली-पीलीभीत रोड पर सफर हुआ सस्ता: टोल टैक्स में 50% की भारी कटौती, जानें अब कितनी लगेगी फीस! |