LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 392
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया जानकारी के अनुसार लाल किला के आसपास आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। खबर एजेंसी ANI के मुताबिक, चांदनी चौक इलाके के एक मंदिर को संभावित निशाना बनाया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि लाल किला और चांदनी चौक के आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थल पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर हो सकते हैं। आशंका है कि संगठन आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हमला करने की साजिश रच रहा है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, फरवरी में इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके का बदला लेने के लिए भारत में बड़ा हमला करने की योजना बनाई जा सकती है। देश के बड़े मंदिर भी संभावित खतरे में बताए जा रहे हैं।
ये अलर्ट 10 नवंबर 2025 को लाल किला के पास हुए विस्फोट के कुछ महीनों बाद आया है। उस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी। विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ था, जहां एक कार में विस्फोटक रखे गए थे। धमाके के बाद आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई थी।
इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष एनआईए अदालत ने 13 फरवरी को जांच एजेंसी को जांच पूरी करने के लिए 45 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 90 दिन का समय मांगा था। साथ ही अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 मार्च तक बढ़ा दी है। |
|