मौके पर घटना की जांच करती पुलिस। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तीन गोली मारकर 30 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है। महिला का नाम संगीता था।
लोगों ने बताया कि 30 वर्षीय महिला संगीता देवी किसी काम से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान उसका पति और ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसके घर पहुंचे। महिला के घर पर न मिलने पर वे वापस लौटने लगे। तभी गली में संगीता को आता देख उन्होंने उसे रोक लिया।
गोली लगने के बाद गिर पड़ी महिला
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि पति के हाथ में हथियार था। विवाद बढ़ने पर संगीता ने खुद को बचाने की कोशिश की और पीछे हटने लगी, तभी उसके पति ने उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से संगीता गंभीर रूप से घायल होकर गली में गिर पड़ी।
वहीं, गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौके से दो खाली खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से दो खाली खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलने पर मृतका के पिता भी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से घायल संगीता को सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोर्ट में चल रहा तलाक का मामला
वहीं, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संगीता देवी पिछले काफी समय से अपने पति और ससुराल पक्ष से अलग अपने दो बच्चों के साथ सनलाइट कॉलोनी में रह रही थी। पति के साथ उसका तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था और पारिवारिक विवाद भी चल रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच तलाक विवाद की बात सामने आई है। आरोपी पति फिलहाल फरार है।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में चेकिंग करने गए बिजलीकर्मियों पर हमला, जेई समेत अन्य कर्मचारियों से मारपीट
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। |
|